10 हजार की सैलरी का बदला, फूंक दिया 24 करोड़ का कपड़ा; सूरत में मालिक को लगा चूना
सूरत में एक कपड़ा व्यापारी के यहां काम करने वाले अकाउंटेंट ने 10 हजार रुपये बकाया वेतन न मिलने पर 24 करोड़ रुपये का कपड़ा जला दिया।

अकाउंटेंट ने 10 हजार बकाया वेतन के लिए आग लगाई

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, सूरत। सूरत में एक कपड़ा व्यापारी के यहां अकाउन्टेंट का काम करने वाले युवक के 10 हजार का बकाया वेतन नहीं चुकाने पर उसने कपड़ा व्यापारी का 24 करोड़ रुपए का माल पेट्रोल डाल कर फूंक दिया। इस घटना के बाद आरोपी राजस्थान, महाराष्ट्र व उत्तर प्रदेश चला गया था गत रात्रि सूरत लौटने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अकाउंटेंट ने 10 हजार बकाया वेतन के लिए आग लगाई
सूरत बारडोली रोड पर स्थित कपड़ा बाजार श्याम संगिनी की छठी मंजिल पर जगदंबा टेक्सटाइल नामक दुकान पर विनोद सावले नामक युवक अकाउंटेंट का काम करता था। उसका वेतन 30 हजार रु मासिक था। 12वीं तक पढ़ा-लिखा होने के कारण वह काम नहीं कर सका और गत जून में नौकरी छोड़ दी।
बकाया 10 हजार रुपए के लिए उसका कपड़ा व्यापारी के साथ विवाद था। इससे नाराज होकर उसने गत सप्ताह बाजार बंद होने के बाद छठी मंजिल पर कपड़ों पर पेट्रोल छिडककर आग लगा दी। उसकी यह हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई।
सूरत में 24 करोड़ रुपये का कपड़ा जलकर राख हुआ
इस आगजनी में करीब 24 करोड़ रुपए का कपड़ा जलकर राख हो गया। पुलिस ने बताया कि आग लगाने के बाद अरोपी विनोद राजस्थान के खाटू श्यामजी, उत्तर प्रदेश के अयोध्या तथा महाराष्ट्र चला गया था। दो दिन पहले जब सूरत लौटा तो पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर उसकी पहचान कर गिरफ्तार कर लिया।
