विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सूरत में भाजपा नेता की बहू ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में पति पर अवैध संबंध बनाने का लगाया आरोप

Published: Wed, 26 Aug 2026 02:16 PM (IST)

सूरत में भाजपा नेता की बहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने सुसाइड नोट में पति के अवैध संबंधों को मौत का कारण बताया गया है।

सूरत में बीजेपी नेता की बहू ने की आत्महत्या (जागरण)

सूरत में बीजेपी नेता की बहू ने की आत्महत्या (जागरण)

HighLights

  1. भाजपा नेता की बहू निधि कुमारी ने की आत्महत्या।

  2. पुलिस को मिला सुसाइड नोट।

  3. पति के अवैध संबंध आत्महत्या का मुख्य कारण।

राज्य ब्यरो, सूरत। गुजरात के सूरत से एक बेहद चौंकाने वाला और संवेदनशील मामला सामने आया है। सूरत के कडोदरा इलाके में भाजपा की एक महिला नेता की 24 वर्षीय बहू ने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

इस घटना में सबसे हैरान करने वाला मोड़ तब आया जब डॉक्टरों को पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के अंतर्वस्त्रों से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इस सुसाइड नोट में मृतका ने अपने पति के किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंधों का गंभीर उल्लेख किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरत के कडोदरा नगर स्थित श्रीनिवास ग्रीन सिटी सोसाइटी में रहने वाली निधि कुमारी (उम्र 24 वर्ष) ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

निधि कुमारी कडोदरा नगर भाजपा की उपाध्यक्ष शशी सिंह संजय सिंह राजपूत की बहू थीं। निधि कुमारी की शादी दो वर्ष पहले भाजपा महिला नेता के बेटे सौरभ के साथ हुई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।

सबूत मिटने के डर से कपड़े में छिपाया सुसाइड नोट

जब निधि कुमारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया, तब वहां जांच कर रहे डॉक्टरों को उनके अंतर्वस्त्रों से एक सुसाइड नोट मिला, जिसे डॉक्टरों ने तुरंत पुलिस को सौंप दिया।

सुसाइड नोट में निधि कुमारी ने खुलासा किया कि उनके पति सौरभ के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध हैं, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान थीं।

निधि को यह डर और आशंका थी कि अगर वह सुसाइड नोट घर में कहीं भी छोड़ेंगी, तो ससुराल पक्ष के लोग उस सबूत को गायब कर देंगे।

इसी वजह से उन्होंने सुसाइड नोट को अपने कपड़ों में ही छिपा दिया था, ताकि उनकी मौत के बाद सच सबके सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके।

पुलिस की कार्रवाई

अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा सुसाइड नोट पुलिस को सौंपे जाने के बाद इस पूरे रहस्यमयी मामले पर से पर्दा उठा है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा मृतका के मायके पक्ष के लोगों की शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करने की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- सूरत: मौत को छूकर लौटा 13 साल का नावीद, कंधे को चीरकर मुंह से बाहर निकली लोहे की रॉड; डॉक्टरों ने बचाई जान