गुजरात: वडोदरा में कांस्टेबल को धक्का देकर फरार हुआ दुष्कर्म का आरोपी, तलाश में जुटी पुलिस
वडोदरा के सयाजी अस्पताल से दुष्कर्म का एक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। इलाज के बहाने अस्पताल लाए गए आरोपी ने कांस्टेबल को धक्का देकर चकमा दिया, ...और पढ़ें

वडोदरा में कांस्टेबल को धक्का देकर फरार हुआ आरोपी।
HighLights
दुष्कर्म का आरोपी सयाजी अस्पताल से फरार हुआ।
इलाज के दौरान कांस्टेबल को धक्का देकर भागा।
पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया, ड्रोन-सीसीटीवी का उपयोग।
डिजिटल डेस्क, वडोदरा। वडोदरा के सयाजी अस्पताल से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस सुरक्षा को धता बताते हुए दुष्कर्म का एक आरोपी पुलिस हिरासत से भागने में सफल रहा।
यह घटना अस्पताल के स्किन (त्वचा) विभाग में उस समय हुई, जब आरोपी को इलाज के लिए लाया गया था। आरोपी ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल को धक्का देकर पलक झपकते ही वहां से रफूचक्कर हो गया।
इलाज के बहाने आया और दे गया चकमा
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का एक गंभीर मामला दर्ज था और वह पुलिस की कस्टडी में था। स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते उसे कड़े सुरक्षा घेरे में सयाजी अस्पताल लाया गया था।
जब स्किन विभाग में डॉक्टर उसकी जांच कर रहे थे और पुलिसकर्मी आसपास ही तैनात थे, तभी आरोपी ने चालाकी दिखाई। उसने अचानक सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल को जोर से धक्का दिया और अस्पताल परिसर से भाग निकला।
हड़कंप मचने के बाद पुलिस ने शुरू किया तलाशी अभियान
जब तक पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते या उसे पकड़ने की कोशिश करते, आरोपी वहां से गायब हो चुका था। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है।
ड्रोन और सीसीटीवी से रखी जा रही है नजर
फरार आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए वडोदरा पुलिस आधुनिक तकनीक का भी सहारा ले रही है। सयाजी अस्पताल और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि छतों और अन्य छिपे हुए स्थानों पर नजर रखी जा सके।
इसके अलावा, अस्पताल परिसर और आसपास की सड़कों के सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में लिए गए हैं ताकि आरोपी के भागने की दिशा और मार्ग का पता लगाया जा सके। पुलिस इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है।