विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वडोदरा: इंडिगो की फ्लाइट में 25 मिनट के लिए हुआ ब्लैकआउट, बिना एसी-लाइट लोगों में अफरा-तफरी

Published: Mon, 18 May 2026 02:59 PM (IST)

वडोदरा में इंडिगो की एक फ्लाइट में उड़ान से पहले 25 मिनट तक बिजली गुल हो गई, जिससे एसी और लाइट बंद हो गए।

इंडिगो की फ्लाइट में 25 मिनट के लिए हुआ ब्लैकआउट(फोटो: सोशल मीडिया)

इंडिगो की फ्लाइट में 25 मिनट के लिए हुआ ब्लैकआउट(फोटो: सोशल मीडिया)

HighLights

  1. इंडिगो फ्लाइट में उड़ान से पहले बिजली गुल हुई।

  2. 25 मिनट तक एसी और लाइट बंद रहे।

  3. यात्रियों को भीषण गर्मी और घुटन का सामना करना पड़ा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कल रात इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में उस समय यात्रियों की सांसें अटक गईं, जब उड़ान भरने से ठीक पहले विमान की बिजली पूरी तरह गुल हो गई।

टरमैक पर खड़े विमान का ग्राउंड पावर यूनिट अचानक खराब होने से न सिर्फ केबिन की बत्तियां बुझ गईं, बल्कि एयर कंडीशनर ने भी काम करना बंद कर दिया। इस वजह से पूरी तरह सील हो चुके केबिन के भीतर भीषण गर्मी और सफोकेशन की स्थिति पैदा हो गई।

25 मिनट तक बनी रही नरक जैसी स्थिति

यह खौफनाक मंजर कल रात करीब 8:50 बजे शुरू हुआ और रात 9:15 बजे तक, यानी लगभग 25 मिनट तक जारी रहा। उमस और भीषण गर्मी से बेहाल यात्री खुद को बचाने के लिए हाथ-पैर मारते नजर आए। राहत न मिलने पर परेशान यात्रियों ने विमान में मौजूद फाइलों, अखबारों और जो भी हाथ लगा, उसी से खुद को हवा देना शुरू कर दिया।

विमान के भीतर के इस खौफनाक मंजर को एक यात्री ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग एयरलाइन की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

कड़ी मशक्कत के बाद बहाल हुई बिजली

आधिकारिक एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा संकट ग्राउंड पावर यूनिट में आई अचानक तकनीकी खराबी के कारण हुआ।

दरअसल, जब किसी विमान के मुख्य इंजन टर्मिनल पर बंद होते हैं, तो यह GPU ही केबिन की लाइटों, एयर कंडीशनिंग और कॉकपिट के जरूरी उपकरणों को बिजली की सप्लाई करता है। इसके फेल होते ही विमान पूरी तरह से ब्लैकआउट हो गया।

बिजली गुल होने की सूचना मिलते ही एयरलाइन के तकनीशियनों की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत का काम शुरू किया। करीब 25 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार पावर सप्लाई को बहाल कर दिया गया।

जैसे ही विमान की लाइटें और एसी दोबारा चालू हुए, तब जाकर डरे-सहमे यात्रियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद विमान ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी।

उड़ान में हुई भारी देरी

इस तकनीकी खराबी और आपातकाल की वजह से उड़ान के समय पर भी बुरा असर पड़ा। फ्लाइट संख्या 6E657 को अपने निर्धारित समय रात 8:40 बजे रवाना होना था।

लेकिन, ग्राउंड पावर यूनिट की विफलता और उसके बाद मरम्मत में लगे समय के कारण फ्लाइट अपने तय समय से काफी लेट हो गई और आखिरकार रात 10:00 बजे ही दिल्ली के लिए उड़ान भर सकी।