विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुजरात: आणंद में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का एक हिस्सा ढहा, बड़ा हादसा टला

Published: Sun, 31 May 2026 03:24 PM (IST)

गुजरात के आणंद जिले में अडस गांव के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का एक हिस्सा ढह गया। हालांकि, इस घटना ...और पढ़ें

HighLights

  1. आणंद में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का एक हिस्सा ढहा।

  2. हादसे में कोई हताहत या घायल होने की खबर नहीं।

  3. वडोदरा रेलवे डिवीजन ने इसे 'मामूली घटना' बताया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गुजरात के आणंद जिले के अडस गांव के पास बन रहे एक रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का एक हिस्सा शनिवार को गिर गया। हालांकि इसमें किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वडोद और अडस रोड स्टेशनों के बीच बन रहा यह आरओबी काफी समय से निर्माणाधीन था। शनिवार को दो खंभों के बीच बने एप्रोच स्ट्रक्चर का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

टल गया बड़ा हादसा

इस हादसे से निर्माणाधीन स्ट्रक्चर को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि, उस समय पुल के नीचे से कोई वाहन या पैदल यात्री नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियों के अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और पुल गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी।

अधिकारी ने बताई मामूली घटना

वडोदरा रेलवे डिवीजन के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना ने बताया कि वडोद और अडस रोड स्टेशनों के बीच लेवल क्रॉसिंग नंबर 250 पर बन रहे इस ROB का काम वडोदरा डिवीजन की 'गति शक्ति यूनिट' द्वारा किया जा रहा है।

इसे एक "मामूली घटना" बताते हुए सक्सेना ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान एप्रोच गर्डर गिरने से यह हादसा हुआ और उन्होंने जोर देकर कहा कि मौके पर सुरक्षा के सभी निर्धारित उपायों का पालन किया जा रहा था।

उन्होंने कहा, "घटनास्थल रेलवे ट्रैक से काफी दूर है। ट्रेनों के संचालन या सड़क यातायात पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है और न ही किसी तरह के रूट बदलने (डायवर्जन) की जरूरत पड़ी है।"

यह भी पढ़ें: टोल बचाने के लिए नंबर प्लेट से छेड़छाड़, NHAI के नए फ्री-फ्लो सिस्टम में सेंध