VIDEO: वडोदरा रेलवे स्टेशन पर बाल-बाल बचा युवक, चलती ट्रेन पकड़ने के चक्कर में चपेट में आया
वडोदरा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में एक यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। ...और पढ़ें
HighLights
चलती ट्रेन में चढ़ते समय यात्री फंसा।
रेलवे स्टाफ, आरपीएफ ने यात्री को बचाया।
हादसे में घायल यात्री अस्पताल में भर्ती।
डिजिटल डेस्क, वडोदरा। चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना कितना जानलेवा साबित हो सकता है, इसका एक भयावह उदाहरण वडोदरा रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला। बुधवार शाम को एक यात्री चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश में ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की संकरी जगह में फंस गया।
ट्रेन की गति होने के बावजूद, यात्री लगभग 150 मीटर तक प्लेटफॉर्म पर घिसटता रहा। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसे देखकर लोग दंग रह गए हैं।
कोल्ड ड्रिंक लेने के लिए नीचे उतरे थे यात्री
जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी सुरेशभाई तुनगारिया अपने परिवार के साथ जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे थे। जब ट्रेन वडोदरा स्टेशन पर रुकी, तो उनकी बेटी ने कोल्ड ड्रिंक पीने की जिद की। सुरेशभाई को लगा कि ट्रेन यहां कम से कम 30 मिनट तक रुकेगी, इसलिए वे नीचे उतर गए।
लेकिन ट्रेन महज 2 मिनट के स्टॉपेज के बाद चल पड़ी। ट्रेन को आगे बढ़ता देख सुरेशभाई घबरा गए और उसे पकड़ने के लिए दौड़ पड़े। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के गैप में जा गिरे।
रेलवे स्टाफ और आरपीएफ की मुस्तैदी से बची जान
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि सुरेशभाई के फंसने के बाद एक अन्य यात्री ने उन्हें खींचने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन की रफ्तार के कारण वह सफल नहीं हो पाया। प्लेटफॉर्म पर चीख-पुकार मचते ही वहां तैनात रेलवे स्टाफ और आरपीएफ के जवान तुरंत सक्रिय हुए और ट्रेन को रुकवाया।
खबरें और भी
काफी मशक्कत के बाद सुरेशभाई को गंभीर स्थिति में बाहर निकाला गया। हादसे में वे लहूलुहान हो गए थे, जिसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए वडोदरा के SSG अस्पताल ले जाया गया।
रेलवे प्रशासन ने इस घटना के बाद एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी जान जोखिम में डालकर चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। अधिकारियों ने बताया कि ऐसी लापरवाही अक्सर बड़े हादसों का कारण बनती है, इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य है।