विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वीएमसी ने यूसुफ पठान के कब्जे वाली जमीन के मूल्यांकन का प्रस्ताव आम सभा को भेजा, 20 करोड़ है अनुमानित कीमत

Published: Tue, 23 Jun 2026 05:54 AM (GMT+05:30)

वडोदरा नगर निगम की स्थायी समिति ने पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान के कथित कब्जे वाली 20 करोड़ रुपये की जमीन के मूल्यांकन का प्रस्ताव आम सभा को भेजा है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. वीएमसी ने यूसुफ पठान की जमीन मूल्यांकन प्रस्ताव आम सभा को भेजा।

  2. कथित कब्जे वाली जमीन की अनुमानित कीमत 20 करोड़ रुपये है।

  3. यह मामला फिलहाल गुजरात हाई कोर्ट में विचाराधीन है।

डिजिटल डेस्क, वडोदरा। वडोदरा नगर निगम (वीएमसी) की स्थायी समिति ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर और सांसद यूसुफ पठान के कथित कब्जे वाली जमीन के मूल्यांकन संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी के लिए निगम की आम सभा को भेज दिया है। संबंधित भूखंड की अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।

मेयर गीताबेन मकवाना ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि स्थायी समिति के समक्ष निगम के सात भूखंडों के मूल्यांकन का प्रस्ताव रखा गया था। इनमें टंडालजा क्षेत्र स्थित वह भूखंड भी शामिल है, जिस पर यूसुफ पठान का कब्जा बताया जा रहा है।

समिति ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए आगे की स्वीकृति के लिए इसे आम सभा को भेज दिया। नगर निगम ने हाल ही में 978 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले इस प्लाट की कीमत 2.10 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित की है। इस आधार पर भूखंड का कुल मूल्य लगभग 20 करोड़ रुपये बैठता है।

अधिकारियों का कहना है कि किसी भी भूमि की नीलामी से पहले उसका मूल्यांकन किया जाना आवश्यक होता है। हालांकि, अभी यह तय नहीं किया गया है कि संबंधित भूखंड की नीलामी की जाएगी या नहीं।

यह मामला फिलहाल गुजरात हाई कोर्ट में विचाराधीन है। वर्ष 2024 में तृणमूल कांग्रेस के सांसद चुने जाने के बाद वीएमसी ने पठान को जमीन खाली करने का नोटिस जारी किया था।(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।