विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NH-44 पर 8 घंटे का तांडव: अंबाला में 800 लोगों की भीड़ ने किया था उपद्रव, DSP समेत कई पुलिसकर्मी हुए घायल; 80 नामजद

Updated: Sat, 15 Aug 2026 01:48 PM (IST)

अंबाला में 13 अगस्त को पंजोखरा साहिब मामले के आरोपियों की रिहाई की मांग को लेकर नेशनल हाईवे पर हुए बवाल में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

अंबाला में हुआ था उपद्रव (जागरण फाइल)

अंबाला में हुआ था उपद्रव (जागरण फाइल)

HighLights

  1. 13 अगस्त को अंबाला में नेशनल हाईवे पर उपद्रव

  2. पंजोखरा साहिब मामले के आरोपियों की रिहाई की मांग

  3. डीएसपी समेत पुलिसकर्मी घायल, 25 लोग नामजद

जागरण संवाददाता अंबाला। पंजोखरा साहिब मामले में आरोपियों की रिहाई की मांग को लेकर 13 अगस्त को अंबाला के अलग-अलग नेशनल हाईवे पर हुए बवाल के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

बलदेव नगर और पंजोखरा साहिब थाना में दर्ज अलग-अलग एफआइआर में दोनों मामलों के नामों को मिलाने पर 25 लोग नामजद किए हैं। बलदेव नगर में 16 लोगों को नामजद किया गया है जबकि पंजोखरा साहिब थाना में दर्ज एफआइआर में 21 को नामजद किया है लेकिन दोनों में बहुत से नाम एक हैं। कुल 25 नामजद हुए हैं।

पंजोखरा साहिब थाने में दर्ज एफआइआर के अनुसार करीब 150 से 200 अन्य लोग थे जोकि उपद्रव कर रहे थे। आरोपितों पर नेशनल हाईवे जाम करने, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने, तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

13 अगस्त को किया था हाईवे जाम

13 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे से लेकर रात तक प्रदर्शनकारियों ने पंजोखरा साहिब से लेकर जग्गी सिटी सेंटर के पास तक अलग-अलग स्थानों पर हाईवे जाम कर दिया था।

पुलिस के अनुसार बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए पहुंचे और बैरिकेड तोड़कर नेशनल हाईवे पर बैठ गए। समझाने के बावजूद भीड़ पीछे नहीं हटी और कई स्थानों पर पुलिस के साथ हाथापाई की स्थिति पैदा हो गई।

जग्गी सिटी सेंटर के पास पुलिस पर हमला

बलदेव नगर थाना में सीआइए नारायणगढ़ में तैनात एएसआइ पंकज की शिकायत पर दर्ज एफआइआर के अनुसार जग्गी सिटी सेंटर के पास दोपहर करीब दो बजे से शाम आठ से सवा आठ बजे तक 700-800 लोगों की भीड़ ने नेशनल हाईवे-44 को दोनों तरफ से जाम कर दिया था।

प्रशासन और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की ओर से रास्ते से हटने के लिए कहा गया, लेकिन पुलिस के अनुसार शाम करीब आठ बजे भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों पर लाठी, डंडों, भालों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया।

हमले में डीएसपी मुख्यालय विरेंद्र सिंह समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस के अनुसार भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग और आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करना पड़ा।

पंजोखरा में बैरिकेड तोड़कर बढ़ी भीड़

पंजोखरा साहिब थाना में एएसआई नैब सिंह की शिकायत पर दर्ज एफआइआर के मुताबिक नारायणगढ़ रोड पर डिस्पेंसरी के सामने पुलिस बल कानून-व्यवस्था के लिए तैनात था। प्रदर्शनकारी पंजोखरा साहिब की तरफ से नारेबाजी करते हुए पहुंचे और पुलिस बैरिकेड तोड़कर एनएच-72 पर जाम लगा दिया।

आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। भीड़ बस अड्डा पंजोखरा साहिब से अंबाला शहर की ओर बढ़ी और एनसीसी स्कूल नारायणगढ़ रोड के पास भी बैरिकेड तोड़ दिए।

उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस की गाड़ियां तक तोड़ दी। कई दौर की वार्ता हो चुकी थी लेकिन जैसे ही वार्ता सिरे चढ़ती बीच में कुछ लोग उन्हें भड़का देते। वह नहीं चाहते थे वार्ता सिरे चढ़े। जो आरोपित जेल जा चुके हैं उन्हें किसी हाल में पुलिस नहीं छोड़ सकती वह चाहते थे कि उन्हें भी अभी छोड़ा जाए। यह उपद्रवी बातचीत करने वाली कमेटी के कंट्रोल से भी बाहर हो गए थे। यह पक्का मोर्चा हाईवे पर लगाना चाहते थे ताकि इसे कई महीने चला सकें। -अजीत सिंह शेखावत, एसपी अंबाला।