Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 12, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Haryana Election 2024: कांग्रेस ने लगाए 15 बड़े आरोप, BJP के खिलाफ जारी की चार्जशीट; जानिए आगे की रणनीति

    Updated: Fri, 12 Jul 2024 03:35 PM (IST)

    Haryana Election 2024 भाजपा सरकार से हरियाणा मांगे हिसाब लॉन्चिंग कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पूर्व केंद्र ...और पढ़ें

    Haryana Election 2024: बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस ने लगाए 15 बड़े आरोप।
    Haryana Election 2024: बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस ने लगाए 15 बड़े आरोप।

    HighLights

    1. भूपेंद्र हुड्डा, चौधरी उदयभान और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा पूरे प्रदेश में रथयात्रा निकालेंगे।
    2. कांग्रेस का यह रथ बनना शुरू हो गया है।
    3. चार्जशीट लोगों के घरों तक पहुंचाने तथा उनके सुझाव के आधार पर कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र तैयार करने का काम साथ-साथ चलेगा।

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में सरकार बनाने को लेकर आशान्वित कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा के विरुद्ध हरियाणा मांगे हिसाब नाम से राज्यस्तरीय अभियान आरंभ किया है। इस अभियान के तहत कांग्रेस ने 15 आरोपों के साथ भाजपा सरकार के विरुद्ध एक चार्जशीट जारी की। कांग्रेस नेता यह चार्जशीट लेकर पूरे प्रदेश में लोगों के घर-घर जाएंगे और उन्हें भाजपा सरकार के 10 साल के कार्यकाल की विफलताओं की जानकारी देंगे।

    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान हरियाणा मांगे हिसाब अभियान का नेतृत्व करेंगे। राज्य के सभी कांग्रेस सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, प्रमुख नेता और कार्यकर्ता इस अभियान का हिस्सा बनेंगे। हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत भाजपा सरकार के विरुद्ध चार्जशीट तक लोगों तक पहुंचाने का काम 15 जुलाई से आरंभ होगा, जो 20 अगस्त तक चलेगा।

    कांग्रेस का रथ बनना शुरू

    इसके बाद भूपेंद्र हुड्डा, चौधरी उदयभान और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा पूरे प्रदेश में रथयात्रा निकालेंगे। कांग्रेस का यह रथ बनना शुरू हो गया है। चार्जशीट लोगों के घरों तक पहुंचाने तथा उनके सुझाव के आधार पर कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र तैयार करने का काम साथ-साथ चलेगा। चार्जशीट में शामिल आरोपों की जानकारी लोगों तक कैसे पहुंचाई जाए, इसके लिए 14 जुलाई को सोनीपत में राज्यस्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें सभी प्रमुख नेताओं व कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है।

    हरियाणा मांगे हिसाब अभियान की लांचिंग

    हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, चौधरी वरुण मुलाना और सतपाल ब्रह्मचारी समेत कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में हरियाणा मांगे हिसाब अभियान की लांचिंग की गई। लोगों से मुलाकात के दौरान कांग्रेस का 14 सूत्रीय न्याय संकल्प पत्र भी वितरित किया जाएगा।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- Haryana Politics: विधायक बनी रहेंगी किरण चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस की मांग को किया खारिज

    बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस के 15 बड़े आरोप

    1. हरियाणा असुरक्षित क्यों है व अपराधों पर क्यों नियंत्रण नहीं पाया जा रहा है।
    2. राज्य में घर-घर नशा कैसे पहुंच गया है।
    3. देश में सर्वाधिक महंगाई यहां क्यों है।
    4. भ्रष्टाचार के जनक और जी के जंजाल पोर्टल क्यों बनाए गए।
    5. 10 साल में करोड़ों के 50 बड़े घोटाले करने वालों पर क्या कार्रवाई की।
    6. भाजपा राज में 750 किसान, पुलिस की गोली से 70 से ज्यादा लोग क्यों मरे।
    7. भाजपा ने दलितों-पिछड़ों का आरक्षण खत्म करने की साजिश क्यों रची।
    8. अग्निपथ व कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नौकरियां क्यों बंद की गई।
    9. देश में हरियाणा में सबसे अधिक 37.4 प्रतिशत बेरोजगारी क्यों है।
    10. न्याय और हक मांगने वाले हर वर्ग पर सरकार ने लाठियां क्यों बरसाई।
    11. 2014 व 2019 की चुनावी घोषणाएं क्यों अभी तक पूरी नहीं की।
    12. स्वास्थ्य सेवाओं का दिवालियां कैसे पीटा।
    13. शिक्षा तंत्र को बर्बाद करने पर सरकार क्यों तुली रही।
    14. राज्य में औद्योगिक निवेश के जो एमओयू किए गए थे, उनका क्या हुआ।
    15. भाजपा सरकार ने राज्य की अर्थव्यवस्था को क्यों चौपट कर दिया।

    'कांग्रेस में पूरी तरह से एकजुटता'

    इससे पहले घर-घर कांग्रेस और हाथ से हाथ जोड़ो अभियान कांग्रेस की ओर से चलाए जा चुके हैं। बीरेंद्र सिंह की मौजूदगी में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस में पूरी तरह से एकजुटता है। कांग्रेस नेताओं में न तो मनभेद है और न ही किसी तरह का मतभेद है। सभी कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए अपने-अपने तरीके से काम कर रहे हैं।

    रथयात्रा के बाद निकलेगी पदयात्रा

    प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान के अनुसार हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत राज्यभर में विभिन्न समाज और वर्गों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। 20 अगस्त के बाद राज्य में निकलने वाली रथयात्रा के साथ संकरे इलाकों में पदयात्रा भी निकलेगी। जहां रथ से जाना संभव होगा, वहां रथ से और जहां पैदल जाना संभव होगा, वहां पदयात्रा के रूप में लोगों के बीच पहुंचा जाएगा। एक दिन में कम से कम दो विधानसभा क्षेत्र कवर करने की योजना है।

    यह भी पढ़ें- Haryana News: 7 साल पहले जानलेवा हमला करने वाले ने ही रची थी हत्या की साजिश, रवींद्र सैनी हत्याकांड का हुआ पर्दाफाश