विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana: 'आप लोग अपना हाजमा ठीक करो, रामदेव का चूरन ले लिया करो'; विधानसभा में हुड्डा और विज के बीच तीखी बहस

By Anurag AggarwaEdited By: Rajat Mourya
Published: Fri, 25 Aug 2023 05:03 PM (IST)

हरियाणा में विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार को शुरू हो गया। विधानसभा सत्र के पहले दिन ही भूपेंद्र हुड्डा और ...और पढ़ें

विधानसभा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और अनिल विज के बीच तीखी बहस (फाइल फोटो)
विधानसभा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और अनिल विज के बीच तीखी बहस (फाइल फोटो)

चंडीगढ़, राज्य ब्यूरो। Haryana Monsoon Session 'चंद्रायन-3' की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग से उत्साहित हरियाणा के विधायकों ने शुक्रवार को विधानसभा में इसरो के वैज्ञानिकों की टीम के लिए विशेष बधाई और धन्यवाद प्रस्ताव पास किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शोक प्रस्तावों के बाद चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर बधाई प्रस्ताव रखा। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने एक नया कीर्तिमान स्थापित कर इतिहास रचा है। इस मिशन में हरियाणा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

इस पर विपक्ष के नेता और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इसरो की स्थापना भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व. जवाहर लाल नेहरू के समय हुई थी। उसके बाद से ही इसरो कई तरह के प्रयोग कर रहा है। इंदिरा गांधी का भी इसमें योगदान रहा है। इसे भी प्रस्ताव में शामिल करने की मांग हुड्डा ने रखी। स्पीकर डॉ. ज्ञानचंद गुप्ता इस पर सहमत हो गए। इससे पहले, हुड्डा ने मुख्यमंत्री द्वारा रखे गए प्रस्ताव पर भी सहमति जताई, जिसमें पीएम नरेन्द्र मोदी का भी नाम था।

विज और हुड्डा में काफी देर तक हुई कहासुनी

गृह मंत्री अनिल विज इस बात पर अड़ गए कि हुड्डा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लेना चाहिए। इस पर हुड्डा ने कहा कि जब वे पूरे प्रस्ताव का ही समर्थन कर चुके हैं तो अनिल विज की इस सलाह का क्या औचित्य है। स्पीकर भी यह बात समझ गए थे। उन्होंने हुड्डा का समर्थन करते हुए कहा कि प्रस्ताव का समर्थन हो गया है। इसी मुद्दे पर विज और हुड्डा में काफी देर तक कहासुनी होती रही। आखिर में स्पीकर ने गृह मंत्री अनिल विज से कहा कि आप सहयोग करें।

'मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे सदन में आएं'

अनिल विज ने यह समझ लिया कि स्पीकर उन्हें सदन से बाहर जाने के लिए कह रहे हैं। विज बिना कुछ कहे-सुने सदन से बाहर निकल गए। उनकी नाराजगी का आभास कुछ ही पलों में सीएम मनोहर लाल को हुआ तो वे सीट से उठे और बाहर लॉन्ज में बैठे विज के पास पहुंचे। विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी विज के पास पहुंचे। इसके बाद स्पीकर ने हाउस में कहा कि मैंने अनिल विज को बैठने के लिए कहा था, सदन से बाहर जाने के लिए नहीं। मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे सदन में आएं।

'रामदेव का चूरन ले लिया करो'

इसके कुछ देर बाद अनिल विज सदन में पहुंचे। उनके सीट पर बैठते ही हुड्डा ने चुटकी लेते हुए कहा कि विज साहब आप तो हाउस की रौनक हैं। हम तो चाहते हैं कि आप यहां रहे। पलटवार में अनिल विज ने कहा कि आप लोग तो चाहते ही यह हो कि मैं हाउस में ना आऊं। मेरी जनता मुझे बार-बार चुनकर भेजती है। हुड्डा कहां रुकने वाले थे। कहने लगे कि कितनी बार आ चुके। विज ने तपाक से कहा कि मैं छह बार बन चुका हूं विधायक। फिर विज ने कहा कि आप लोग अपना हाजमा ठीक करो। रामदेव का चूरन ले लिया करो।

रोहतक में नट-बोल्ट तो रेवाड़ी में बनी केबल

सीएम मनोहर लाल ने सदन में कहा कि चंद्रायन-3 मिशन में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मिशन में रोहतक में बने हुए नट-बोल्ट और रेवाड़ी में बनी स्पेशल केबल का प्रयोग किया गया। मिशन के वैज्ञानिक दल में शामिल अंबाला की आरुशि सेठ, भिवानी के देवेश ओला और हिसार के यज्ञ मलिक ने सराहनीय योगदान किया है। इस पर किरण चौधरी ने कहा कि जूई गांव का भी एक युवक इस मिशन का हिस्सा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।