विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खुशखबरी! अब घर बैठे 10 रुपये महीने में मिलेगा पानी-सीवर कनेक्शन, हरियाणा में नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर

Published: Wed, 19 Aug 2026 03:47 PM (IST)

अंबाला में पानी और सीवर कनेक्शन लेना अब आसान हो गया है। उपभोक्ता एकमुश्त ₹1500 के बजाय हर महीने ₹10 ...और पढ़ें

10 रुपये महीना देकर ले सकेंगे पानी-सीवर कनेक्शन।

10 रुपये महीना देकर ले सकेंगे पानी-सीवर कनेक्शन।

HighLights

  1. पानी-सीवर कनेक्शन के लिए अब ₹10 मासिक किश्त

  2. एकमुश्त ₹1500 या ₹10 मासिक भुगतान का विकल्प

  3. विभाग के कर्मचारी घर आकर करेंगे कनेक्शन प्रक्रिया पूरी

जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। पानी और सीवर कनेक्शन के लिए अब उपभोक्ताओं को एकमुश्त बड़ी रकम खर्च करने की जरूरत नहीं है। जन स्वास्थ्य विभाग ने कनेक्शन फीस जमा करवाने में असमर्थ लोगों के लिए इसे आसान कर दिया है।

1500 रुपये की फीस एक साथ देने के बजाय अब बिल में हर महीने केवल 10 रुपये जोड़कर यह कनेक्शन लिया जा सकेगा। जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता कर्णवीर सिंह ने बताया कि पानी और सीवर कनेक्शन लेना जरूरी है।

पहले दोनों कनेक्शनों के लिए कुल 10,500 रुपये फीस निर्धारित थी, जिसे घटाकर अब केवल 1500 रुपये कर दिया गया है। इसमें 1000 रुपये पेयजल और 500 रुपये सीवर कनेक्शन के लिए निर्धारित हैं। विभाग की नई सुविधा उन उपभोक्ताओं के लिए खास तौर पर राहत है, जो एकमुश्त 1500 रुपये जमा नहीं करवा सकते।

ऐसे उपभोक्ताओं से बिल में हर महीने 10 रुपये की किश्त ली जाएगी। यानी कनेक्शन के लिए अलग से बड़ी रकम का इंतजाम नहीं करना पड़ेगा। खास बात यह है कि कनेक्शन के लिए उपभोक्ता को विभाग के कार्यालय के चक्कर भी नहीं लगाने होंगे।

विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी करेंगे और कनेक्शन अप्रूव करेंगे। कार्यकारी अभियंता ने लोगों से अपील की कि जिन घरों में अभी पेयजल या सीवर कनेक्शन अप्रूव नहीं है, वे इस सुविधा का लाभ उठाकर जल्द कनेक्शन लें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं ने पानी या सीवर कनेक्शन अप्रूव नहीं करवाया, विभाग की ओर से उनका कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है।