विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के चरखी दादरी में दो करोड़ की लागत से सुधरेगी 15 गलियों की दशा, दिसंबर से शुरू होगा काम

Published: Sat, 07 Nov 2026 02:20 PM (IST)

चरखी दादरी नगर परिषद ने 2.07 करोड़ रुपये की लागत से शहर की 15 जर्जर गलियों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं।

विकास: 2.07 करोड़ से सुधरेगी गलियों की दशा, मरम्मत के साथ होगा पुनर्निर्माण (फाइल फोटो)

विकास: 2.07 करोड़ से सुधरेगी गलियों की दशा, मरम्मत के साथ होगा पुनर्निर्माण (फाइल फोटो)

HighLights

  1. नगर परिषद ने 15 गलियों के 2.07 करोड़ के टेंडर जारी किए।

  2. दिसंबर मध्य तक निर्माण कार्य शुरू, 20 हजार आबादी को लाभ।

  3. जल निकासी, गुणवत्ता पर ध्यान; शहर की स्वच्छता रैंकिंग सुधरेगी।

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर परिषद ने शहर के विभिन्न वार्डों की सूरत बदलने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कमर कस ली है।

लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी और जलभराव की मार झेल रही शहर की 15 मुख्य गलियों के पुनर्निर्माण और विशेष मरम्मत के लिए नगर परिषद द्वारा 2.07 करोड़ रुपये के टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। इस विकास कार्य के पूरा होने से शहर की लगभग 20 हजार की आबादी को सीधे तौर पर फायदा पहुंचेगा।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अगले सप्ताह इन टेंडरों को तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन के लिए खोला जाएगा, जिसके बाद अलाटमेंट की प्रक्रिया पूरी कर दिसंबर के मध्य तक निर्माण कार्य धरातल पर शुरू करवा दिया जाएगा।

दरअसल, दादरी शहर के कई वार्डों में गलियों की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई थी। हल्की सी बरसात के बाद गलियों में पानी जमा हो जाना और गड्ढों के कारण आए दिन होने वाले हादसों से स्थानीय लोग बेहद परेशान थे। स्थानीय निवासियों और पार्षदों द्वारा लगातार इन गलियों को नए सिरे से बनाने की मांग उठाई जा रही थी। जनभावनाओं और जरूरत को देखते हुए नगर परिषद प्रशासन ने एस्टीमेट तैयार कर उच्च अधिकारियों से बजट मंजूर कराया।

जरूरत अनुसार बनाई जाएंगी नई गलियां

अब 2.07 करोड़ की राशि से इन सभी 15 गलियों का कायाकल्प किया जाएगा। इसमें केवल गड्ढे ही नहीं भरे जाएंगे, बल्कि जहां आवश्यकता है वहां पूरी गली का नए सिरे से पुनर्निर्माण किया जाएगा।

इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि गलियों के निर्माण के साथ-साथ उनके ढलान और नालियों के सुदृढ़ीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

दादरी के कई निचले इलाकों में सड़कों का स्तर नीचा होने के कारण घरों का गंदा पानी और बारिश का पानी गलियों में ही जमा रहता है। अधिकारियों का कहना है कि नए निर्माण के तहत गलियों का लेवल इस तरह तय किया जाएगा जिससे पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके और भविष्य में जलभराव की स्थिति पैदा न हो।

 गुणवत्ता की होगी विशेष निगरानी

निर्माण कार्य के दौरान इस्तेमाल होने वाली सामग्री की समय-समय पर लैब टेस्टिंग कराई जाएगी। इतना ही नहीं, सभी 15 गलियों के निर्माण के लिए एक निश्चित समय सीमा तय की जाएगी।

तय वक्त पर काम पूरा न करने वाले ठेकेदारों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, नीय निवासियों से भी अपील की गई है कि वे अपने वार्ड में हो रहे काम पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की कोताही दिखने पर तुरंत परिषद को सूचित करें।

 जल्द से जल्द काम शुरू कराने की योजना: बक्शीराम सैनी

नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी का कहना है कि इस 2.07 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के अलावा भी अन्य वार्डों की सर्वे रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि दिसंबर मध्य से शुरू होने वाला यह कार्य बिना किसी रुकावट के तेज गति से आगे बढ़ेगा, ताकि सर्दियों के मौसम में ही लोगों को धूल और टूटी सड़कों से राहत मिल सके। इस कदम से न केवल राहगीरों को आसानी होगी, बल्कि दादरी शहर की स्वच्छता रैंकिंग में भी सुधार देखने को मिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।