हरियाणा के युवाओं के लिए जरूरी खबर! भिवानी में 2 से 15 सितंबर तक होगी अग्निवीर भर्ती रैली
भिवानी के भीम स्टेडियम में 2 से 15 सितंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे।

भिवानी में 2 से 15 सितंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन।
HighLights
भिवानी में 2 से 15 सितंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली होगी।
भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
दलालों से सावधान रहें, सुबह 4 बजे रिपोर्ट करें।
जागरण संवाददाता, भिवानी। सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी द्वारा मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, अंबाला के तत्वावधान में 2 से 15 सितंबर तक भीम स्टेडियम, भिवानी में अग्निवीर भर्ती रैली होगी। भर्ती रैली में शामिल होने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार इस भर्ती रैली में भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। रैली के दौरान अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणियों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल श्रेणी की भर्ती रैली अलग से 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक राजीव गांधी स्टेडियम, अंबाला में की जाएगी। भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड में अंकित निर्धारित तिथि के अनुसार प्रातः 4 बजे रैली स्थल पर अनिवार्य रूप से रिपोर्ट करना होगा। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में बताए गए सभी आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लेकर आने होंगे।
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को दलालों से सावधान रहने की सलाह दी है। अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के संबंध में केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें और किसी भी व्यक्ति के बहकावे में आकर पैसे न दें।
