भिवानी में हाइटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आया किसान, करंट लगने से मौत
बाढड़ा के भांडवा गांव में खेत में काम करते समय 35 वर्षीय किसान अमित कुमार की हाइटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई।
-1794053798887_m.webp)
भिवानी में करंट लगने से किसान की मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
खेत में काम करते समय किसान को लगा करंट।
हाइटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत।
मृतक परिवार का मुखिया था, बच्चे हुए अनाथ।
संवाद सहयोगी, बाढड़ा। गांव भांडवा निवासी 35 वर्षीय किसान अमित कुमार की खेत में कृषि कार्य करते समय हाइटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब अमित कुमार शाम करीब सात बजे खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाला पाइप ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से अमित कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बता दें कि मृतक अमित कुमार परिवार का मुखिया था और खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। किसान अमित कुमार के परिवार में छह वर्षीय बेटा और एक वर्षीय बेटी है।
करीब 35 वर्षीय अमित के पिता का भी लगभग आठ वर्ष पहले निधन हो गया था। ऐसे में परिवार की पूरी जिम्मेदारी अमित कुमार के कंधों पर थी। अब उसके निधन से पत्नी और दोनों छोटे बच्चों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली निगम के अधिकारियों से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।