राष्ट्रमंडल खेल-2026: हरियाणा की बेटी का दमदार पंच, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह; अब नॉर्दन आयरलैंड की खिलाड़ी से होगी भिड़ंत
भिवानी की मुक्केबाज प्रीति पवार ने ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेल-2026 के 54 किलो भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है। ...और पढ़ें

राष्ट्रमंडल खेल-2026: हरियाणा की बेटी का दमदार पंच। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, भिवानी। जिले के गांव बड़ेसरा की मुक्केबाज प्रीति पवार ने स्काटलैंड के ग्लासगो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेल-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 54 किलो भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में प्रीति ने मलावी की डेबोरा मतेनजे को दूसरे राउंड में रेफरी स्टाप्स कांटेस्ट (आरएससी) के आधार पर हराकर भारतीय चुनौती को मजबूती दी।
मुकाबले की शुरुआत से ही प्रीति पवार पूरी तरह आक्रामक रहीं। उनके लगातार सटीक और प्रभावी पंचों के सामने मलावी की मुक्केबाज टिक नहीं सकीं। दूसरे राउंड में प्रीति की बढ़त को देखते हुए रेफरी ने मुकाबला रोक दिया और उन्हें विजेता घोषित किया।
अब क्वार्टर फाइनल में प्रीति पवार का सामना नार्दन आयरलैंड की निकोल क्लाइड से होगा। इस जीत के साथ उन्होंने पदक की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है। क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज करने पर उनका पदक लगभग पक्का हो जाएगा।
सीधे ग्लासगो से खेल प्रेरक एवं हरियाणा अधिवक्ता राजनारायण पंघाल ने कहा कि भिवानी की बेटी प्रीति पंवार ने शानदार प्रदर्शन कर भारतीय मुक्केबाजी की ताकत का परिचय दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रीति अगले मुकाबलों में भी अपनी इसी लय को बरकरार रखते हुए देश के लिए पदक जीतेंगी।
खबरें और भी
प्रीति के पिताजी हरियाणा पुलिस के जवान सोमबीर सिंह, उनकी मम्मी नवीन और बहन सोनम ने घर पर मोबाइल से लाइव मैच देखा। प्रीति की जीत की खबर मिलते ही बड़ेसरा गांव और पूरे भिवानी जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। खेल प्रेमियों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए आगामी मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
प्रीति के पिता सोमबीर सिंह बोले बेटी ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। हमें भरोसा है अगले मुकाबले भी वह पूरी ताकत के साथ जीतेगी। उनके कोच विनोद राजा बोले प्रति हमेशा एग्रेसिव खेलती है। प्रतिद्वंद्वी को संभालने का मौका ही नहीं देती। ग्लासगो से वह पदक लेकर जरूर लौटेगी।