भिवानी में समाधान शिविर में फूटा पार्षदों का गुस्सा, नगर परिषद अधिकारियों की लापरवाही के खिलाफ मोर्चा
भिवानी में नगर परिषद अधिकारियों की लापरवाही के खिलाफ पार्षद प्रदीप कौशिक और आरडब्ल्यूए ने समाधान शिविर में शिकायत की। ...और पढ़ें
-1781777016753_m.webp)
भिवानी में समाधान शिविर में फूटा पार्षदों का गुस्सा (फोटो: जागरण)
HighLights
पार्षद कौशिक ने नगर परिषद की लापरवाही पर शिकायत दर्ज कराई।
सेवा नगर की टूटी सड़कें, बूस्टर दीवार प्रमुख समस्याएं।
ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई गई।
जागरण संवाददाता, भिवानी। नगर परिषद के अधिकारियों की कार्यप्रणाली के खिलाफ जनप्रतिनिधियों और आम जनता का आक्रोश फूट पड़ा। पिछले चार वर्षों से लगातार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद जब अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी, तो थक-हारकर नागरिकों को समाधान के लिए सरकार के विशेष शिविर का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
वीरवार को समाधान शिविर में पहुंचे वार्ड नंबर-20 के पार्षद प्रदीप कौशिक के नेतृत्व में आरडब्ल्यूए सेवा नगर के प्रधान सुरेंद्र राणा और सदस्य भजनलाल दिसोदिया ने उपायुक्त को लिखित शिकायतें सौंपकर नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि व अधिकारियों की लापरवाही को उजागर किया और तुरंत समाधान की मांग की।
समाधान शिविर में दी गई शिकायत में नागरिकों और पार्षद ने साफ कहा कि नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि व अधिकारियों के ढुलमुल रवैए के कारण जनता पिछले चार वषाें से नरकीय जीवन जीने को मजबूर है। पिछले चार वर्षो से हाऊस बैठक में बार-बार अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसी के चलते आज समाधान शिविर में अधिकारियों के समक्ष भिवानी के सेवा नगर और वार्ड नंबर-20 की प्रमुख बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से रखा गया। पार्षद प्रदीप कौशिक और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने सेवा नगर की मुख्य सडक़ और अधूरी गलियों का निर्माण, दुर्गा बूस्टर की 10 साल से टूटी चारदीवारी, तीन प्रमुख ग्रीन बेल्टों से अतिक्रमण हटाकर सौंदर्यीकरण की समस्या मुख्य रूप से उठाई।
खबरें और भी
पार्षद प्रदीप कौशिक ने कहा कि ग्वार फैक्ट्री के पीछे सेवा नगर कालोनी में दयानंद की दुकान से लेकर अरविंद पूनिया के घर से होते हुए बाईपास तक जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं।
यह गली कालोनी को सीधे बाईपास से जोड़ती है। इसके साथ ही मीनू वाटिका के पीछे वाली गली को भी नगर परिषद द्वारा आधा बनाकर अधर में छोड़ दिया गया है, जिसे तुरंत पूरा करने की मांग की गई है।
सेवा नगर एमसी कालोनी में स्थित दुर्गा बूस्टर की चारदीवारी पिछले करीब 10 वर्षों से टूटी पड़ी है तथा चारदीवारी न होने से वहां आवारा पशुओं और असामाजिक तत्वों का डेरा लगा रहता है, जिससे पूरी कॉलोनी में असुरक्षा का माहौल है। लंबे समय से मांग के बावजूद इसका पुनर्निर्माण नहीं कराया गया।
कौशिक ने कहा कि ग्वार फैक्ट्री के पास स्थित ग्रीन बेल्ट, ग्रीन बेल्ट नंबर-2 तथा ग्रीन बेल्ट नंबर-3 से प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटवाने के बावजूद लोग दोबारा कब्जा कर लेते हैं। मांग की गई है कि इन तीनों ग्रीन बेल्टों का शीघ्र अति शीघ्र पक्का निर्माण करवाया जाए।
पार्षद प्रदीप कौशिक व आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले चार वर्षों से नगर परिषद के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। समाधान शिविर हमारे लिए न्याय की आखिरी उम्मीद है। उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद भी इन सड़कों, ग्रीन बेल्ट और बूस्टर की चारदीवारी का काम जल्द शुरू नहीं हुआ, तो हम जनता को साथ लेकर बड़ा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे।