हरियाणा के दादरी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा का पर्व, ईदगाह में तीन हजार से ज्यादा लोगों ने की नमाज अदा
दादरी की ईदगाह सहित विभिन्न स्थानों पर मुस्लिम समुदाय ने ईद उल अजहा (बकरीद) का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया। ...और पढ़ें

मस्जिदों में अदा की नमाज (फोटो: जागरण)
HighLights
दादरी में ईद उल अजहा हर्षोल्लास से मनाया गया।
ईदगाह सहित कई स्थानों पर नमाज अदा की गई।
अमन-चैन, भाईचारे का संदेश दिया गया।
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। दादरी की ईदगाह में मुस्लिम समाज के लोगों ने वीरवार को ईद उल अजहा यानी बकरीद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया। दादरी शहर के अलावा कस्बा झोझू कलां, पिचौपा, कादमा, बधवाना, गुडाना, चंदेनी व चरखी गांव में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अता कर अमन-चैन की दुआ मांगी। विभिन्न जगहों पर तीन हजार से अधिक लोगों ने नमाज अता कर एक-दूसरे के गले लगकर पर्व की बधाई दी।
जिलेभर के मुस्लिम समाज के लोग दादरी नगर के चिड़िया रोड स्थित ईदगाह में पहुंचे और नमाज अदा की। ईद की नमाज अदा कर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने देश की तरक्की के साथ ही अमन चैन की कामना की। शहर के चिड़िया मोड के समीप ईद की सबसे बड़ी नमाज ईदगाह में अदा की गई।
इस मौके पर मौलाना मोहम्मद सवालिहीन ने नमाज अदा करवाई। सैंकड़ों मजहबियों ने नमाज अदा कर अल्लाह ताला से अपने परिवार की सलामती की दुआएं मांगी। मौलाना मोहम्मद सवालिहीन ने नमाज के लिए पहुंचने वाले लोगों को प्रेम व शांति का पैगाम देते हुए कहा कि दुनिया का कोई भी मजहब या धर्म यह नहीं सिखाता कि एक दूसरे के साथ बैर की भावना रखे।
उन्होंने कहा कि सबका मालिक एक होता है हमारे देश विभिन्न जाति धर्म व समुदाय के लोग रहते हैं और सभी अपने सलीके से अपना धर्म निभाने का हक है। देश की एकता और अखंडता को कायम रखने के लिए सभी को अपना योगदान देना होगा।
उन्होंने कहा कि ईद एक पवित्र त्यौहार है, जो सबको मिलजुल कर चलने और भाईचारे का संदेश देता है। आने वाला समय सभी के लिए मंगलमय हो और सभी के जीवन में खुशियां लाए, ऐसी कामना है।
इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के प्रधान मोहम्मद शरीफ, सचिव अब्बास अली, कोषाध्यक्ष इब्राहिम, रिहान, जावेद, इमरान, शहनवाज, अमीर, आबिद इत्यादि ने ईद की मुबारकबाद दी।