विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रक्षाबंधन पर रोडवेज ने निभाया हरियाणा सरकार का वादा, प्राइवेट बसों ने बहनों से वसूला किराया

Published: Sat, 29 Aug 2026 04:27 PM (IST)

रक्षाबंधन पर हरियाणा रोडवेज ने महिलाओं को मुफ्त यात्रा का सरकारी वादा पूरा किया, जबकि निजी बसों ने किराया वसूला।

रक्षाबंधन पर रोडवेज ने निभाया हरियाणा सरकार का वादा (फाइल फोटो)

रक्षाबंधन पर रोडवेज ने निभाया हरियाणा सरकार का वादा (फाइल फोटो)


HighLights

  1. हरियाणा रोडवेज ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा दी

  2. निजी बसों ने सरकारी घोषणा के बावजूद महिलाओं से किराया वसूला

  3. कर्मचारी संगठन ने निजी बसों पर लगातार अधिक किराया वसूलने का आरोप लगाया

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। रक्षाबंधन पर्व पर हरियाणा सरकार के निर्देश अनुसार महिलाओं को दी गई निशुल्क यात्रा सुविधा हरियाणा रोडवेज ने पूरी जिम्मेदारी के साथ दी। लाखों बहनों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया। रोडवेज कर्मचारियों ने त्योहारी भीड़ के बावजूद अपनी ड्यूटी को जनसेवा की भावना से निभाया।

वहीं दूसरी ओर सहकारी समिति के नाम पर संचालित प्राइवेट बसों के संचालकों ने सरकार की इस घोषणा को दरकिनार कर महिलाओं से किराया वसूलने का काम किया। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने आरोप लगाया कि यह स्थिति केवल रक्षाबंधन तक सीमित नहीं है।

सांझा मोर्चा के सदस्यों को गुरुग्राम, जींद, बहादुरगढ़, असंध, चरखी दादरी सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि प्राइवेट बस आपरेटर विद्यार्थियों, बुजुर्गों और महिलाओं से निर्धारित नियमों के विपरीत किराया वसूल रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और सरकार द्वारा अपेक्षित सख्ती नहीं दिखाई जा रही।

मोर्चा का कहना है कि एक तरफ हरियाणा रोडवेज सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करते हुए यात्रियों को सुविधा उपलब्ध करा रहा है वहीं दूसरी तरफ कुछ प्राइवेट बस संचालक सरकारी नियमों और घोषणाओं की अनदेखी कर रहे हैं।

इससे ना केवल यात्रियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है बल्कि सरकार की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के प्रवक्ता सुधीर अहलावत दुजाना ने कहा कि रक्षाबंधन पर सरकार ने हर वर्ष की तरह इस बार भी बहनों के लिए निशुल्क यात्रा सुविधा की घोषणा की थी। रोडवेज ने अपनी जिम्मेदारी निभाई, लेकिन प्राइवेट बसों में कई जगह महिलाओं से कथित तौर पर जबरन किराया वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं।