विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भिवानी के फर्नीचर शोरूम के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख; दमकल की 13 गाड़ियों ने पाया काबू

Published: Wed, 28 Oct 2026 04:09 PM (IST)

भिवानी के नया बाजार क्षेत्र में एक फर्नीचर शोरूम के गोदाम में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

फर्नीचर शोरूम के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख।

फर्नीचर शोरूम के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख।

HighLights

  1. भिवानी फर्नीचर गोदाम में देर रात लगी भीषण आग।

  2. लाखों रुपये का फर्नीचर और सामान जलकर राख।

  3. संकरी गली से दमकल को आग बुझाने में दिक्कत।

जागरण संवाददाता, भिवानी। नया बाजार क्षेत्र में हांसी गेट से फूलों वाले चौक के बीच स्थित एक फर्नीचर शोरूम के गोदाम में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। रात करीब दो बजे लगी आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा फर्नीचर, प्लाईबोर्ड, लकड़ी सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया।

आग की लपटें उठती देख आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कई घंटों तक आग बुझाने का अभियान चलाया। संकरी गली और सीमित रास्ते के कारण दमकल कर्मियों को राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

करीब 12 से 13 दमकल गाड़ियों की मदद से लगभग छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन अभी नहीं हो पाया है।

पड़ोसियों ने फोन कर दी आग लगने की सूचना

शोरूम मालिक रोहित के अनुसार, रात करीब पौने दो बजे पड़ोसियों ने फोन करके गोदाम में आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उन्होंने आपातकालीन हेल्पलाइन 112 पर संपर्क किया और दमकल विभाग को भी सूचित किया। कुछ ही मिनटों में दमकल की पहली गाड़ी घटनास्थल पर पहुंच गई।

इसके बाद आग की गंभीरता को देखते हुए अन्य गाड़ियों को भी बुलाया गया। गोदाम में बड़ी मात्रा में लकड़ी, प्लाईबोर्ड और फर्नीचर बनाने में इस्तेमाल होने वाली ज्वलनशील सामग्री रखी थी। इसी वजह से आग तेजी से फैल गई और उसने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

संकरी गली बनी आग बुझाने में बड़ी बाधा

दमकल विभाग के फायर ऑपरेटर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत पड़ी और धीरे-धीरे करीब 12 से 13 दमकल गाड़ियों को अभियान में लगाना पड़ा।

घटनास्थल तक पहुंचने वाली गली काफी संकरी थी, जिसके चलते गाड़ियों को गोदाम के नजदीक ले जाना संभव नहीं हो पाया। ऐसे में दमकल कर्मियों ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर तक दो से तीन बड़े हौज पाइप बिछाए और उनके जरिए पानी पहुंचाकर आग बुझाने का प्रयास किया। लगातार पानी की बौछार करने और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

गोदाम हुआ तबाह, आग के कारणों की जांच जारी

आग बुझने के बाद गोदाम में रखा अधिकांश सामान नष्ट हो चुका था और इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा। गोदाम में सामान भरा होने के कारण नुकसान का सटीक आकलन करना फिलहाल संभव नहीं हो सका है। आग लगने की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं है। संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही घटना के कारणों और कुल आर्थिक नुकसान की जानकारी सामने आ सकेगी।

राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना ने पुराने बाजारों और संकरी गलियों वाले इलाकों में आग लगने की स्थिति में दमकल वाहनों की पहुंच और त्वरित राहत व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों को भी उजागर किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।