हरियाणा में 115 बस रूट पर 16000 महिलाओं ने किया फ्री सफर, 15 साल तक के बच्चों को भी मिली सुविधा
रक्षाबंधन से एक दिन पहले दादरी बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई, जहां 16 हजार महिलाओं ने 115 बसों में नि:शुल्क यात्रा का लाभ उठाया।

रक्षाबंधन से एक दिन पहले दादरी बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी (फाइल फोटो)
HighLights
रक्षाबंधन पर 16 हजार महिलाओं ने नि:शुल्क बस यात्रा का लाभ उठाया।
दादरी डिपो की 115 बसों ने विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त चक्कर लगाए।
बस स्टैंड पर भारी भीड़ के बीच कर्मचारी-पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालते दिखे।
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। रक्षाबंधन पर्व से एक रोज पूर्व वीरवार को दादरी के बस स्टैंड पर यात्रियों की काफी अधिक भीड़ दिखाई दी। यात्रियों की संख्या अधिक होने के चलते परिवहन विभाग की 115 बसों ने विभिन्न रूटों पर कई-कई चक्कर लगाए। वीरवार को रोडवेज बसों ने सामान्य दिनों से करीब पांच हजार किलोमीटर अधिक सफर तय किया। करीब 16 हजार महिलाओं ने पहले दिन निश्शुल्क सफर का लाभ उठाया।
वहीं यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए रोडवेज अधिकारी, कर्मचारी भी बस स्टैंड परिसर में मशक्कत करते नजर आए। रोडवेज अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा दादरी डिपो व दूसरे जिलों से आने वाली बसों को सुरक्षित तरीके से बूथों पर लगवाया जा रहा था और यात्रियों से भी धक्का-मुक्की ना करने की अपील की जा रही थी।
उसके बावजूद बस स्टैंड परिसर में बस के आते ही काफी संख्या में महिला व पुरूष यात्री बसों में सवार होने के लिए दौड़ते नजर आए।
गौरतलब है कि भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने के लिए अपने घर आती हैं। वहीं प्रदेश सरकार द्वारा भी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर वीरवार दोपहर 12 से 28 अगस्त रात 12 बजे तक रोडवेज बसों में महिलाओं व 15 वर्ष तक के बच्चों की निश्शुल्क यात्रा की घोषणा की है।
ऐसे में वीरवार को दोपहर से ही बस स्टैंड पर काफी चहल-पहल का माहौल बना रहा। बस स्टैंड परिसर में बूथ पर लगने से पहले ही सवारियां बसों में चढ़ती हुई नजर आई। विभिन्न रूटों पर जाने वाली बसें चंद मिनटों में ही खचाखच भर रही थी।
सीटें भरने पर काफी यात्री बसों के अंदर खड़े होकर सफर कर रहे थे तो कुछ यात्री बसों की खिड़कियों पर भी लटके हुए नजर आए।
रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले सहकारी समिति की बसों में महिलाओं से किराया वसूला गया। हर वर्ष सरकार की तरफ से रोडवेज की बसों के साथ-साथ सहकारी समिति की बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा दी जाती है। समिति बसों के चालकों ने बताया कि उन्हें महिलाओं के निश्शुल्क सफर के लिए कोई पत्र नहीं मिला है।
तैनात रहे कर्मचारी व पुलिस
रक्षाबंधन पर्व पर बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ के दौरान लोगों को किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाने के लिए रोडवेज कर्मचारियों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहे।
बूथ पर लगाने के लिए बसों को पीछे करते समय रोडवेज कर्मचारियों द्वारा सवारियों को हटाया जा रहा था। वहीं बस स्टैंड चौकी में तैनात पुलिसकर्मी भी परिसर में हो रही गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस बल भी यहां तैनात किया गया था।
कई रूटों पर लगाए अतिरिक्त चक्कर
वीरवार को रोडवेज बसों ने दादरी से महेंद्रगढ़, नारनौल, रोहतक, झज्जर, बाढड़ा, कनीना, सतनाली इत्यादि रूटों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक चक्कर लगाए। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार वीरवार को रोडवेज बसों ने दादरी से लोहारू रूट पर छह, भिवानी रूट पर 10, कनीना रूट पर चार, झज्जर रूट पर पांच, रोहतक रूट पर तीन, सतनाली रूट पर दो तथा नारनौल रूट पर सामान्य दिनों से तीन अधिक चक्कर लगाए।
उन्होंने बताया कि सामान्य दिनों में दादरी रोडवेज डिपो की बसें प्रतिदिन 25 हजार किलोमीटर का सफर तय करती है। लेकिन वीरवार को चक्कर बढ़ने पर रोडवेज बसों ने करीब 30 हजार किलोमीटर का सफर तय किया।
बाजारों में सुबह से रही चहल-पहल
भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को उत्साह के साथ मनाया जाएगा। रक्षाबंधन पर्व को लेकर इस बार करीब एक सप्ताह पहले से ही बाजारों में चहल-पहल दिखाई दे रही थी।
लेकिन रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले वीरवार को सुबह से ही बाजारों में काफी अधिक चहल-पहल दिखाई दी। दादरी के मेन बाजार, बस स्टैंड रोड इत्यादि स्थानों पर काफी संख्या में महिलाएं अपने भाईयों की कलाई सजाने के लिए राखियां, गिफ्ट पैक, मिठाईयां, कपड़े इत्यादि की खरीददारी करते हुए नजर आईं।
रक्षाबंधन पर्व पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग द्वारा चालकों, परिचालकों के अवकाश भी रद किए गए हैं। वीरवार और शुक्रवार को यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग द्वारा स्पेयर में भी बसों को रखा गया। जिससे जरूरत पड़ने पर उन्हें भी विभिन्न रूटों पर भेजा जा सके। बस स्टैंड परिसर में 16 अतिरिक्त कर्मचारी नियुक्त किए गए है । -नवीन शर्मा, रोडवेज महाप्रबंधक, चरखी दादरी
