'अभय चौटाला की बयानबाजी के कारण टूटी परिवार की एकता', रणजीत चौटाला का खुलासा, CM नायब को योगी मॉडल अपनाने की सलाह
पूर्व बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि अभय चौटाला की अनावश्यक बयानबाजी के कारण चौधरी देवीलाल परिवार की एकता का सपना टूट गया।
-1789841459572_m.webp)
परिवार की एकता टूटने पर रणजीत चौटाला का खुलासा। फाइल फोटो
HighLights
अभय चौटाला की बयानबाजी से परिवार की एकता का सपना टूटा।
क्षेत्रीय दलों का दौर समाप्त, अब दो-पार्टी सिस्टम का युग।
हिसार से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, कानून-व्यवस्था पर दिया जोर।
जागरण संवाददाता, भिवानी। आम जनता और समर्थकों की दिली इच्छा थी कि पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल का पूरा परिवार एक ही मंच पर हो। ओमप्रकाश चौटाला के निधन के समय भी लोगों की यही भावना थी। मैं भी इसका पक्षधर था।
अजय चौटाला ने भी पहल करते हुए साथ आने की सहमति जताई थी, लेकिन अभय की अनावश्यक व उल्टी बयानबाजी के कारण यह प्रयास सफल नहीं हो सका। यह बात शनिवार को पूर्व बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कही है।
एक निजी कार्यक्रम में भिवानी पहुंचे रणजीत सिंह चौटाला ने अपने राजनीतिक भविष्य, चुनावी रणनीतियों और राज्य व देश की वर्तमान राजनीति पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि वह कोई नई क्षेत्रीय पार्टी नहीं बनाएंगे, क्योंकि अब देश की राजनीति टू-पार्टी सिस्टम (कांग्रेस या भाजपा) की ओर बढ़ चुकी है। क्षेत्रीय दलों का दौर अब लगभग समाप्त हो गया है।
हिसार से ही चुनाव लड़ेंगे
चुनावी राजनीति में भागीदारी को लेकर रणजीत चौटाला ने कहा कि समय और परिस्थितियों के हिसाब से निर्णय लिया जाएगा। यदि लोकसभा चुनाव लड़ना हुआ तो वह हिसार से ही चुनाव लड़ेंगे।
विधानसभा चुनाव लड़ने की स्थिति में सिरसा जिले की सीटें जैसे कालांवाली, ऐलनाबाद, डबवाली या रानियां उनके विकल्प हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में किसी भी नेता को सीटें या सम्मान उसकी जमीनी ताकत और वोट बैंक के आधार पर ही मिलता है।
कांग्रेस के भीतर टांग खिंचाई का कल्चर बहुत ज्यादा
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए रणजीत ने कहा कि पार्टी का इतिहास कई बार टूटने का रहा है और हरियाणा में आज भी भयंकर गुटबाजी है। उन्होंने सिरसा और अन्य सीटों का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर टांग खिंचाई का कल्चर बहुत ज्यादा है, जहां एक नेता दूसरे के प्रत्याशी को हराने में लग जाता है।
वहीं भाजपा के संगठन को मजबूत बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में नियमित बैठकें और अनुशासन होता है, जो उन्हें अन्य दलों से अलग बनाता है।
हरियाणा में बढ़ते अपराध और व्यापारियों से रंगदारी मांगे जाने के मुद्दों पर रणजीत चौटाला ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की पहली जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री को सलाह है कि जैसे उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सख्ती से काम कर रहे हैं, वैसे ही हरियाणा में भी अपराधियों और गुंडागर्दी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।