विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा की युवा ब्रिगेड लुधियाना में रचेगी इतिहास, 21वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए 46 सदस्यीय टीम तैयार

Published: Thu, 20 Aug 2026 03:21 PM (IST)

हरियाणा की 46 सदस्यीय युवा एथलेटिक्स टीम की घोषणा की गई है, जो 1 से 3 सितंबर तक लुधियाना में 21वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेगी।

हरियाणा की युवा ब्रिगेड लुधियाना में रचेगी इतिहास (फोटो: जागरण)

हरियाणा की युवा ब्रिगेड लुधियाना में रचेगी इतिहास (फोटो: जागरण)

जागरण संवाददाता, भिवानी। पंजाब की औद्योगिक राजधानी लुधियाना में एक से तीन सितंबर तक होने वाली 21वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में इस बार हरियाणा की युवा ब्रिगेड इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह ने 46 सदस्यीय मजबूत राज्य टीम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है।

सोनीपत स्थित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राई में आयोजित राज्यस्तरीय चयन स्पर्धा में पसीना बहाने वाले खिलाड़ियों में से ही इस राष्ट्रीय टीम का चयन किया गया है। फरीदाबाद के खेल मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ के अनुसार, इस 46 सदस्यीय दल में प्रदेश के 12 जिलों से निकले ग्रामीण अंचल के प्रतिभावान खिलाड़ियों का स्पष्ट वर्चस्व दिख रहा है।

मैदान में उतरेंगे ये होनहार सितारे

राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख एथलीटों में झज्जर से सक्षम छिकारा 110 मी. बाधा दौड़, नितेश कुमार गोला फेंक, पार्थ जाखर भाला फेंक, नवीन नैहरिया 5000 मी. पैदल चाल, दिशा लंबी कूद और अंजलि गोला फेंक शामिल हैं।

वहीं भिवानी से विनय प्रताप 110 मी. बाधा दौड़, सिद्धांत यादव लंबी कूद, गुंजन ऊंची कूद, वंशिका भाला फेंक, कशिश भाला फेंक, प्राची बिश्नोई 3000 मी. पैदल चाल और प्रिया हेप्टाथलान अपनी चुनौती पेश करेंगे।

इसके अलावा फरीदाबाद के हरिओम 200 व 400 मी. दौड़, ध्रुव भडाना लंबी कूद और हनी मलिक 1000 मी. दौड़ भी दल का हिस्सा हैं। हिसार से सोमग ऊंची कूद, कमल लंबी कूद, मानिश 5000 मी. पैदल चाल, डिक्की डबास चक्का फेंक व साक्षी 3000 मी. पैदल चाल अपनी चमक बिखेरेंगे।

सोनीपत से संकेत स्वामी 100 व 200 मी. दौड़, रोहतक से अंशु 100 मी. व यश जाखन चक्का फेंक, गुरुग्राम से इमरान राव 400 मी. व इशिता धमवाला 200 मी. और पानीपत से आकाश कुमार 1000 मी. व तन्नू 400 मी. मैदान में दमखम दिखाएंगे।

जींद के देवांश ऊंची कूद व रवि गोला फेंक, करनाल के ओम बत्तन भाला फेंक व लक्षिता 200 व 400 मी., फतेहाबाद की अंशु ऊंची कूद व मुस्कान हेप्टाथलान, चरखी दादरी के धीरज साहू चक्का फेंक व नमन हेप्टाथलान, रेवाड़ी के देव 1000 मी. और पंचकूला की खुशी शर्मा 1000 मी. भी तिरंगा लहराने उतरेंगे।

एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक ने बताया कि पूरी प्रतियोगिता वर्ल्ड एथलेटिक्स और एथलेटिक्स फेडरेशन आफ इंडिया (एएफआई के नियमों के तहत होगी। हरियाणा के ये गबरू युवा हर खेल स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर निशाना साधकर प्रदेश को अंक तालिका के शीर्ष पर स्थापित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।