Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 20, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    हरियाणा: चरखी दादरी में दो गुटों के झगड़े में घायल युवक ने तोड़ा दम, अलग-अलग मामले दर्ज

    Updated: Sun, 20 Jul 2025 09:29 PM (IST)

    चरखी दादरी में दो गुटों के बीच झगड़े में साहिल नामक युवक की मौत हो गई। उसे लाठी-डंडों से पीटा गया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी ...और पढ़ें

    झगड़े में घायल युवक ने तोड़ा दम। सांकेतिक फोटो
    झगड़े में घायल युवक ने तोड़ा दम। सांकेतिक फोटो

    HighLights

    1. दादरी में दो गुटों में झगड़ा।
    2. युवक साहिल की पीट-पीटकर हत्या।
    3. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।

    जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। नेशनल हाईवे 334बी पर दादरी शहर के भगवान वाल्मीकि नगर के समीप शनिवार शाम को दो गुटों में हुए झगड़े में गंभीर रूप से घायल युवक की रविवार सुबह मौत हो गई। मृतक की पहचान दादरी के कबीर नगर निवासी करीब 22 वर्षीय साहिल के रूप में हुई है।

    शनिवार शाम को उसे दादरी के नागरिक अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया था। रविवार अलसुबह स्वजन उसे रोहतक पीजीआइ से हिसार के एक निजी अस्पताल में लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

    रविवार को दादरी के नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। शनिवार शाम को हुए झगड़े में एक गुट द्वारा फायरिंग करने की बात भी कही जा रही है। जिसके आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। मृतक की मां के बयान के आधार पर कुछ युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। वहीं फायरिंग की बात सामने आने पर भी अलग से मामला दर्ज किया गया है।

    बता दें कि दादरी नगर के भगवान वाल्मीकि नगर के दो गुटों में पिछले कुछ समय से रंजिश चल रही है। शनिवार शाम को दोनों गुट भगवान वाल्मीकि नगर के समीप आमने सामने हो गए थे। इस झगड़े में एक गुट के कुछ लोगों ने दूसरे गुट के स्थानीय कबीर नगर निवासी साहिल नामक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

    खबरें और भी

    झगड़े की जानकारी पाकर दोनों गुटों के युवक अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर मौके पर पहुंचे तो उनकी कारें भी टकरा गई और एक कार वहीं पर पलट गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर घायलावस्था में पड़े साहिल के ऊपर से भी यह कार गुजर गई थी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायल साहिल को छुड़वाया और उपचार के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया था।

    जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया था। रविवार अलसुबह स्वजन करीब पांच बजे उसे हिसार के एक निजी अस्पताल के लिए लेकर निकले। लेकिन हिसार के निजी अस्पताल में साहिल को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद स्वजन उसके शव को दादरी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे।

    पुलिस टीमें पहुंचीं अस्पताल

    दो गुटों के बीच हुए झगड़े में घायल युवक की मौत की सूचना पाकर पुलिस टीमें भी नागरिक अस्पताल में पहुंची। वहीं मृतक के स्वजन व उनके जानकार भी अस्पताल में पहुंचे। इस दौरान फोरेंसिक साइंस लैब एफएसएल टीम ने भी शव का निरीक्षण किया।

    दादरी सिटी पुलिस थाना प्रभारी सन्नी कुमार व डीएसपी मुख्यालय धीरज कुमार ने मृतक के स्वजनों से बात की। इस दौरान स्वजनों ने आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।

    इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई घटना की वीडियो

    शनिवार शाम को भगवान वाल्मीकि नगर के समीप हुए झगड़े की वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक गुट के कुछ युवक साहिल पर लाठी-डंडों के अलावा पत्थरों से भी हमला कर रहे हैं।

    उसी दौरान एक कार भी वहां आकर पलट जाती है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी हमलावर उस पर हमला करते रहे। उसी दौरान एक पुलिसकर्मी हमलावरों को काबू करता नजर आ रहा है।

    हैरानी की बात यह है कि मुख्यमार्ग होने के चलते वहां से काफी लोग गुजर रहे थे और घायल युवक मदद के लिए पुकार रहा है लेकिन कोई भी उसकी मदद के लिए नहीं आया। पुलिसकर्मियों ने ही मौके पर पहुंच कर हमलावरों से डंडे छीने और सख्ती दिखाई।

    अलग-अलग मामले दर्ज: एसएचओ

    दादरी सिटी पुलिस थाना प्रभारी सन्नी कुमार ने बताया कि शनिवार शाम को हुए झगड़े में युवक की मौत होने पर पुलिस ने मृतक की मां के बयान के आधार पर हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

    वहीं फायरिंग की सूचना के आधार पर भी अलग से मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा वायरल वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।