भिवानी के चरखी दादरी में गंगाजल चढ़ाने को लेकर विवाद, युवक को गोली मारी; 4 आरोपी गिरफ्तार
गंगाजल चढ़ाने को लेकर हुए विवाद में चरखी दादरी के खेड़ी बूरा गांव में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
-1786943401275_m.webp)
गंगाजल चढ़ाने को लेकर विवाद में युवक को मारी गोली (फोटो: जागरण)
HighLights
गंगाजल चढ़ाने को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मारी।
चरखी दादरी के खेड़ी बूरा गांव में हुई वारदात।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार को किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। चरखी दादरी जिले के गांव खेड़ी बूरा में गंगाजल चढ़ाने को लेकर हुए विवाद की रंजिश में एक व्यक्ति को गोली मार दी। छाती में गोली लगने के कारण खेड़ी बूरा निवासी 38 वर्षीय मंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए चरखी दादरी सिविल ले जाया गया।
लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद इसे रोहतक पीजीआई रेफर किया। स्वजनों ने उसे गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवरात्रि के दिन अलग-अलग डाक कांवड़ लेकर आए दो युवकों मंजीत व योगेश के बीच मंदिर स्थित शिवलिंग पर पहले गंगाजल चढ़ाने को लेकर विवाद हो गया।
इसी रंजिश में शनिवार अल सुबह योगेश ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर गाड़ी सवार मंजीत व उसके दो साथियों पर फायरिंग कर दी। तीन राउंड फायरिंग में एक गोली मंजीत के सीने में लगी।
सदर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया और आगामी कार्रवाई करते हुए महाबीर, योगेश उर्फ छोटू उर्फ पहलवान, विक्रम और प्रदीप उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। योगेश व विक्रम से एक - एक अवैध देशी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं।
वारदात में प्रयुक्त कार भी कब्जे में ली गई है। मुख्य आरोपित योगेश को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि तीन अन्य को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। डीएसपी साहिल ढिल्लो ने बताया कि चारों आरोपितों को वारदात के 24 घंटे के अंदर अटेला क्रशर जोन से गिरफ्तार किया गया है।
