विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा नहर किनारे गड्ढों भरी सड़क पर जोखिम भरा सफर, ग्रामीणों को भारी परेशानी

Updated: Wed, 19 Aug 2026 07:15 PM (IST)

आगरा नहर किनारे कालिंदी कुंज से पीएम डीग गांव तक की सड़क पर गहरे गड्ढे होने से हजारों ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

आगरा नहर किनारे यूपी सिंचाई विभाग की सड़क में बने गड्ढों से ग्रामीणों को निकलने में करना पड़ रहा है परेशानी का सामना। जागरण

आगरा नहर किनारे यूपी सिंचाई विभाग की सड़क में बने गड्ढों से ग्रामीणों को निकलने में करना पड़ रहा है परेशानी का सामना। जागरण

HighLights

  1. आगरा नहर किनारे सड़क पर गहरे गड्ढे।

  2. हजारों ग्रामीणों का आवागमन जोखिम भरा।

  3. मरम्मत के लिए 50 लाख मिलने पर भी काम नहीं।

जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़। आगरा नहर किनारे कालिंदी कुंज से लेकर पीएम डीग गांव तक सड़क में वर्षा के मौसम में गहरे व चौड़े गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्ढों की वजह से दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों काे आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसी भी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

आगरा नहर पर यूपी सिंचाई विभाग का अधिकार है। यूपी सिंचाई विभाग यहां पर हरियाणा के किसी भी विभाग को किसी भी तरह का निर्माण करने की अनुमति नहीं देता है।

यही कारण है कि यदि नहर किनारे की सड़क या फिर दीवार टूट जाती है तो हरियाणा को यूपी सिंचाई विभाग को निर्माण व मरम्मत के लिए अनुदान देना पड़ता है।

दिल्ली, नोएडा उत्तर प्रदेश से जोड़ने के लिए कालिंदी कुंज से लेकर फरीदाबाद जिले के प्रहलादपुर माजरा डीग गांव तक आगरा नहर के किनारे यूपी सिंचाई विभाग ने सड़क बनाई हुई है।

सड़क पर बने गहरे और चौड़े गड्ढे

सड़क में वर्षा के मौसम में गहरे और चौड़े गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों पर पैचवर्क करने के लिए यूपी सिंचाई विभाग ने हरियाणा सरकार को दो करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर दिया था।

एफएमडीए ने अनुदान को ज्यादा बताते हुए पूरी तरह से भुगतान नहीं किया। एफएमडीए ने 50 लाख रुपये का अनुदान यूपी सिंचाई विभाग को दे दिया है।

आगरा नहर किनारे बनाए गए रोड से इन गांवों का होता है आवागमन

आगरा नहर किनारे आईएमटी से आगे पीएम डीग तक सड़क से शाहपुर कलां, डीग, प्रहलादपुर माजरा डीग, मांदकौल, जनौली, फतेहपुर बिल्लौच, लढौली, पन्हैड़ा कलां, ककड़ीपुर, जवां, अटेरना, घाघौट, सदरपुर के ग्रामीणों का आवागमन होता है।

यूपी सिंचाई विभाग को एफएमडीए ने 50 लाख रुपये दे दिए, लेकिन अभी तक सड़क में गड्ढों पर कहीं पैचवर्क होता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। ग्रामीणों काे आवागमन में परेशानी हो रही है।
-राधारमन शर्मा

यूपी सिंचाई विभाग सड़क में बने गड्ढों पर तब पैचवर्क करेगा, जब कोई बड़ी दुर्घटना घट जाएगी और किसी की जान चली जाएगी। सड़क में बने गड्ढे रात के अंधेरे में लाइट न होने के कारण दिखाई नहीं देते।
-नरेंद्र यादव

आगरा नहर के किनारे जो सड़क बनाई है उसकी मरम्मत के लिए एफएमडीए ने 50 लाख रुपये का जो अनुदान दिया है, उससे तो सिर्फ तिगांव पुल तक ही काम हो पाएगा। इससे आगे कोई भी पैचवर्क नहीं होगा। अगले भाग के लिए एफएमडीए को और अनुदान देना होगा।
-कमला शंकर, कनिष्ठ अभियंता यूपी सिंचाई विभाग नोएडा