फरीदाबाद में एंबुलेंस फ्यूल घोटाला: बिना चली गाड़ियों का 50 लाख का डीजल गबन, जांच शुरू
फरीदाबाद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत एंबुलेंस के ईंधन में बड़ा घोटाला सामने आया है, जहां कर्मचारियों ने बिना ...और पढ़ें

फरीदाबाद में एंबुलेंस फ्यूल घोटाला ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
बिना चली एंबुलेंस का 50 लाख का फ्यूल गबन।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में बड़ा घोटाला उजागर हुआ।
स्वास्थ्य निदेशक ने चार सदस्यीय जांच कमेटी बनाई।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित एंबुलेंस के मामले में बड़ी गड़बड़ी सामने आ रही है। कई कर्मचारी बिना चलाए ही एंबुलेंस का लगभग 50 लाख रुपये का फ्यूल ही पी गए।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह मामला मिशन के अधिकारियों के पास तब सामने आया, जब पता कि कई एंबुलेंस सर्विस के लिए गई हुईं थीं और इन्हीं के नाम से बनाए गए फ्यूल कार्ड से डीजल की खरीदारी की गई।
मिशन ने शुरू की पड़ताल
इसके बाद जब मिशन की ओर से पड़ताल शुरू की गई तो स्थिति सामने आई। अभी बारीकी से इस मामले में जांच की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य निदेशक की ओर से चार अधिकारियों की जांच कमेटी बना दी गई है।
बता दें कि प्रत्येक जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत रेफरल ट्रांसपोर्ट स्कीम चल रही है। स्कीम के तहत गर्भवती या अन्य मरीजों को अस्पताल तक लाने व जाने के लिए लगभग 20 एंबुलेंस चल रही हैं।
हर एंबुलेंस के नाम से पेट्रो कार्ड भी दिया जाता है, जिसके प्रयोग के लिए मुख्यालय से अनुमति मिलती है। यह कार्ड एंबुलेंस का चालक इस्तेमाल करता है। इसके अलावा जब कभी एंबुलेंस खराब होती है, तो उसकी मरम्मत भी की जाती है।
मिशन के अधिकारियों के सामने पिछले दिनों ऐसी एंबुलेंस का रिकार्ड सामने आया, जो सर्विस के लिए गईं हुई थीं। जिला स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड के अनुसार अधिकांश एंबुलेंस डीजल से चल रही हैं। चार एंबुलेंस अभी नहीं चल रही हैं। इन्हीं एंबुलेंस के नाम पर खेल किया गया है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने भी उठाया मुद्दा
पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अपने इटरनेट मीडिया अकाउंट पर भी इस मुद्दे को उठाया है। उनकी ओर से मुद्दा उठाने के बाद ही स्वास्थ्य निदेशालय अधिक सक्रिस हो गया है।
मामले की जांच करने को आज आएगी टीम
स्वास्थ्य निदेशक की ओर से मामले की जांच करने को एक कमेटी बना दी गई है। इसमें मिशन के उप निदेशक प्रशासन, मुख्य लेखा अधिकारी, स्टेट एनजीओ कार्डिनेटर तथा रोहतक के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी शामिल होंगे।
मामले की जांच करने को मंगलवार को यह टीम मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय आएगी। रेफरल ट्रांसपोर्ट स्कीम से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी। संबंधी दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
इस तरह होगी जांच
- -कुल कितनी एंबुलेंस पर कितना फ्यूल खर्च किया गया।
- -फ्यूल कार्ड का प्रयोग कितना हुआ और कितने किलोमीटर एंबुलेंस चलाई गई।
- -देखा जाएगा कि एंबुलेंस के संचालन में जिम्मेदारों ने कितनी निगरानी की या लापरवाही बरती।
- -वित्तीय हानि के लिए कौन अधिकारी गैर जिम्मेदार रहा
मामले की बारीकी से होगी जांच
अधिकारी की दखल हो या किसी कर्मचारी की। किसी को भी बक्शा नहीं जाएगा। एंबुलेंस से जुड़े सारे रिकार्ड की जांच की जाएगी। देखा जाएगा कि कहीं एंबुलेंस की मरम्मत के नाम पर तो कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। -डॉ वीरेंद्र यादव, स्वास्थ्य निदेशक, हरियाणा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।