सावधान! फरीदाबाद में डिलीवरी ब्वाय बनकर घर में घुसा बदमाश, चाकू दिखाकर सास-बहू से सोने के जेवर लूटे
फरीदाबाद में डिलीवरी ब्वाय बनकर घर में घुसे बदमाश ने सास-बहू को चाकू दिखाकर लाखों के सोने के जेवर लूटे। ...और पढ़ें

फरीदाबाद में डिलीवरी ब्वाय बनकर घर में घुसा बदमाश, सोने के जेवर लूटे। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
डिलीवरी ब्वाय बनकर घर में घुसे बदमाश ने की लूट।
सास-बहू को चाकू दिखाकर लाखों के सोने के जेवर लूटे।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की, आरोपी की तलाश।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना क्षेत्र की ग्रीन फील्ड चौकी इलाके में डिलीवरी ब्वाय बनकर घर में घुसे बदमाश ने सास-बहू को चाकू दिखाकर लाखों रुपये के सोने के जेवर लूट लिए। वारदात से पहले एक युवक ने घर पहुंचकर अमेजन के पार्सल के बारे में पूछताछ की थी।
कुछ देर बाद दूसरा युवक डिलीवरी ब्वाय बनकर पहुंचा और घर में घुसकर वारदात करके फरार हो गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रीन फील्ड कालोनी निवासी सीमा कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोपहर वह अपनी सास उर्मिला देवी के साथ घर पर मौजूद थीं।
इसी दौरान एक युवक उनके घर पहुंचा और पूछा कि क्या अमेजन से उनका पार्सल मिल गया है। सीमा ने पार्सल नहीं मिलने की बात कही तो युवक वहां से चला गया।
सास उर्मिला ने डिलीवरी ब्वाय समझकर दरवाजा खोला
कुछ समय बाद दूसरा युवक डिलीवरी ब्वाय बनकर उनके घर पहुंचा। उस समय सीमा कमरे के अंदर थीं। उनकी सास उर्मिला देवी ने डिलीवरी ब्वाय समझकर दरवाजा खोला और सीमा को बुलाने के लिए अंदर चली गईं। सीमा जैसे ही कमरे से बाहर आईं, उन्होंने युवक को चाकू लिए घर के अंदर खड़ा देखा।
चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी
आरोपित ने दोनों महिलाओं को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और नकदी मांगी। सीमा ने घर में नकदी नहीं होने की बात कही तो बदमाश ने उनसे जेवर देने को कहा। डर के कारण सीमा ने करीब चार ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, करीब तीन ग्राम की सोने की अंगूठी और सोने व डायमंड के कानों के टॉप्स उतारकर उसे दे दिए। इसके बाद आरोपित ने उनकी सास से भी जेवर देने को कहा।
उर्मिला देवी ने सोने की चेन, लाकेट और कानों के कुंडल उतारकर बदमाश को दे दिए। जेवर समेटने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी
घटना के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पहले घर पहुंचा युवक और वारदात करने वाला आरोपित एक ही गिरोह के सदस्य हैं या नहीं। पुलिस आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
