'हर जगह नहीं मिलेंगे पटाखे', फरीदाबाद प्रशासन ने तय की लोकेशन; 6 नवंबर तक सिर्फ ग्रीन पटाखों की अनुमति
फरीदाबाद जिला प्रशासन ने ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित स्थानों की सूची जारी की है। यह व्यवस्था 6 ...और पढ़ें

फरीदाबाद जिले में केवल ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित स्थानों की अधिसूचना जारी। AI जनरेटेड
HighLights
फरीदाबाद में ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए स्थान तय।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने 6 नवंबर तक की व्यवस्था।
प्रदूषण नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा मुख्य उद्देश्य।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट आयुष सिन्हा ने जिला फरीदाबाद में केवल ग्रीन क्रैकर्स (हरित पटाखों) की बिक्री के लिए निर्धारित स्थानों की सूची जारी की है। प्रशासन द्वारा यह व्यवस्था 6 नवंबर तक प्रभावी रहेगी।
इसका उद्देश्य निर्धारित स्थानों पर ही ग्रीन क्रैकर्स की बिक्री सुनिश्चित करना और वायु प्रदूषण को नियंत्रित रखते हुए नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा बनाए रखना है।
जिला प्रशासन के अनुसार, विभिन्न जोनों में निम्न स्थानों पर ही ग्रीन पटाखों की बिक्री की अनुमति होगी। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि नगर निगम फरीदाबाद क्षेत्र में दशहरा ग्राउंड एनआईटी, सूरजकुंड मेला पार्किंग ग्राउंड, बल्लभगढ़ स्थित अंबेडकर चौक के नजदीक दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-31 स्थित दशहरा ग्राउंड (ऐतमादपुर), आईओसीएल के सामने सेक्टर-12 ग्राउंड तथा खेड़ी रोड स्थित फातू सिंह फार्म को बिक्री के लिए निर्धारित किया गया है।
वहीं, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बल्लभगढ़) के अंतर्गत बीडीपीओ कार्यालय बल्लभगढ़, बल्लभगढ़ में मस्जिद के नजदीक कैल गांव-खंडावली रोड और छांयसा स्थित बीडीपीओ रेस्ट हाउस को ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित किया गया है। इन निर्धारित स्थानों पर ही ग्रीन पटाखों की बिक्री की जा सकेगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित स्थानों पर ही पटाखों की खरीद-बिक्री करें और ग्रीन पटाखों के उपयोग को प्राथमिकता दें, जिससे पर्यावरण प्रदूषण को कम किया जा सके। साथ ही, अवैध रूप से पटाखों की बिक्री या गैर-ग्रीन पटाखों के उपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाना हर नागरिक का कर्तव्य है।