गोपाल हत्याकांड: मौत को चकमा देकर लौटा तो पत्नी ने फिर रचा चक्रव्यूह, प्रेमी संग मिलकर काटा पति का गला
फरीदाबाद में 14 अक्टूबर को गोपाल की हत्या उसकी पत्नी काजल और प्रेमी योगेंद्र ने की थी। अब इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है।
-1792852765725_m.webp)
प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, जागरण।
HighLights
पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की गोपाल की गला काटकर हत्या।
पहले भी अगवा कर मारने की कोशिश, पत्नी पर किया भरोसा।
इंजेक्शन देकर बेहोश रखा गया था, फिर हुई हत्या।
हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। कुदरत ने उसे जीने एक मौका दे दिया था, मगर वह पत्नी की साजिश को समझ नहीं पाया और आखिरी समय में भी उस पर भरोसा कर बैठा।
पल्ला की श्याम कॉलोनी में दपत्नी और उसके प्रेमी ने गोपाल की गला काटकर हत्या कर दी थी। अब इस मामले में कुछ वीडियो स्वजन के हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर उन्होंने चौंकाने वाला दावा किया है।
पत्नी के प्रेमी ने पहले किया अगवा
मृतक के भाई भूरे के मुताबिक, 10 अक्टूबर को भी गोपाल की हत्या की साजिश हुई थी। गोपाल की पत्नी काजल के प्रेमी योगेंद्र ने खाटूश्याम ले जाने के बहाने उसे अगवा किया। कार में मारपीट और गले में गमछे का फंदा लगाने के बाद उसे मरा समझकर जेवर क्षेत्र में सुनसान जगह फेंककर फरार हो गया था।
पत्नी ने इंजेक्शन देकर रखा बेहोश
होश आने पर गोपाल अपने साथ हुई साजिश को समझ नहीं पाया और स्थानीय लोगों की मदद से पत्नी काजल को ही फोन किया। स्वजन का कहना है कि अगर वह यहीं पत्नी की साजिश को समझ जाता तो शायद बच जाता।
बेटी शालिनी उसे लेने पहुंची। अस्पताल या पुलिस के पास ले जाने की बजाय शालिनी पल्ला में उसे एक परिचित के ठिकाने पर ले गई। आरोप है कि वहां गोपाल को इंजेक्शन देकर बेहोश रखा गया।
भाई ने लगाए गंभीर आरोप
गोपाल एक फैक्ट्री में मशीन आपरेटर का काम करता था और फरीदाबाद में अकेला रहता था। पत्नी काजल बच्चों के साथ हाथरस कुंवरपुर गांव में रहती थी। 13 अक्टूबर को काजल हाथरस से फरीदाबाद पहुंची। अगले दिन उसने प्रेमी योगेंद्र को बुलाया।
भाई भूरे के मुताबिक, 14 अक्टूबर की रात दोनों ने गोपाल की गर्दन पर चाकू से वार कर हत्या कर दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार और अभी शालिनी की कोई भूमिका सामने नहीं आई है।
तीन साल पहले बढ़ी थीं नजदीकियां
गोपाल ने करीब 16 साल पहले काजल से कोर्ट मैरिज की थी। काजल की पहली शादी से बेटी शालिनी थी। गोपाल और काजल के तीन बच्चे हैं। तीन साल पहले गोपाल के गांव में रहने वाले दोस्त योगेंद्र की काजल से नजदीकियां बढ़ीं।
परिवार को रिश्ते की जानकारी करीब एक साल पहले हुई थी। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद भी हुआ। मगर काजल ने गाेपाल को भरोसे में ले लिया। इसके साथ ही उसकी हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर भांकरी डंपिंग यार्ड खाली, पुलिस ने उखाड़ फेंका टेंट; क्या है पूरा विवाद
यह भी पढ़ें- कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता हत्याकांड में वांछित नीरज फरीदपुरिया अमेरिका में अरेस्ट, अलर्ट हुई फरीदाबाद पुलिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।