दैनिक जागरण में खबर छपते ही हरकत में PWD, तिगांव में बस सेवा के लिए रोड तैयार
पीडब्ल्यूडी ने बल्लभगढ़ के तिगांव में शहीद स्मारक राजकीय कॉलेज के सामने रोड को पूरी तरह से ठीक कर दिया है। सड़क ऊंची-नीची होने के कारण बंद हुई सिटी बस ...और पढ़ें
-1775764598609_m.webp)
पीडब्ल्यूडी ने बल्लभगढ़ के तिगांव में शहीद स्मारक राजकीय कॉलेज के सामने रोड को पूरी तरह से ठीक कर दिया है। इमेज एआई
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़। पीडब्ल्यूडी ने शहीद स्मारक राजकीय कालेज तिगांव के सामने रोड को पूरी तरह से तैयार कर दिया है, ताकि सिटी बस सेवा शुभगमन के संचालन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। बसों का संचालन भी शुरू किया जा सके।
पीडब्ल्यूडी ने तिगांव में फिरनी का निर्माण किया है। इसके बनाने से नई सड़क ऊंची हो गई और पुरानी नीची। रूट नंबर-909 और 916 पर सिटी बस सेवा शुभगमन का संचालन होता है। सड़क ऊंची-नीची होने से मार्ग पर चलने वाली लो-फ्लोर सिटी बस शुभगमन का पिछला हिस्सा टिक जाता था।
इसलिए सिटी बस संचालन प्रबंधन ने अपनी सेवा बंद कर दी। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए दैनिक जागरण ने बृहस्पतिवार के अंक में दो रूटों पर सिटी बस सेवा बंद, ग्रामीणों को हो रही परेशानी शीर्षक से खबर छापी थी।
इसके छपने के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने संज्ञान लिया और रोड को बृहस्पतिवार को पूरी तरह से तैयार कर दिया। सिटी बस सेवा भी शुक्रवार से शुरू कर दी जाएगी। इसे लेकर रूट पर रहने वाले ग्रामीणों ने कहा है कि दैनिक जागरण में खबर छपने के बाद उनकी समस्या का समाधान हो गया है। यह सही मायने में पत्र ही नहीं मित्र भी है।