सौतेले पिता ने दो वर्षीय मासूम को पटक-पटककर मार डाला, हादसा बताकर करता रहा गुमराह; बोला-बच्चे से थी नफरत
फरीदाबाद में एक सौतेले पिता ने 25 जनवरी को अपने दो वर्षीय बेटे शिवांश की जमीन पर पटक-पटककर हत्या कर दी। उसने पत्नी को बताया कि बच्चा सीढ़ियों से गिर ग ...और पढ़ें

नफरत में आपा खोए सौतेले पिता ने जमीन पर पटक-पटककर दो वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
सौतेले पिता ने दो वर्षीय बेटे की हत्या की।
आरोपी ने बच्चे को जमीन पर पटक-पटककर मारा।
पुलिस जांच में हत्या का राज खुला, आरोपी गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र की सीकरी काॅलोनी में सौतेले पिता ने 25 जनवरी को जमीन पर पटक-पटककर दो वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। आरोपित ने पत्नी को बताया कि बेटा सीढ़ियों से गिर गया है। तब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया था। बच्चे का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। शुरुआत में आरोपित ने सबको धोखे में रखा मगर जांच होने पर पता चला कि उसे बच्चे से नफरत थी। इसीलिए उसने यह घिनौना अपराध कर डाला।
अज्ञात शख्स ने पुलिस से की शिकायत
दरअसल, अंतिम संस्कार के बाद किसी ने पुलिस को शिकायत कर बताया कि सौतेले पिता ने बेटे को मार डाला है। इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच की तो भेद खुल गया। जांच में यह बात निकलकर सामने आई कि सौतेला पिता बेटे से नफरत करता था। पुलिस टीम ने आरोपित के घर के आस-पास सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, उसमें सौतेले पिता की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। इसके बाद आरोपित को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। इसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
हाथरस का रहने वाला है आरोपित
बता दें कि रणबीर सिंह नाम का यह आरोपित गांव सिशता जिला हाथरस यूपी का रहने वाला है। फिलहाल सीकरी कालोनी में रहता है और एक कारखाने में कामगार है। पुलिस ने आम जनता में से गवाह लेकर आरोपित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
पत्नी नहीं दे पाती थी समय तो रची साजिश
पुलिस के अनुसार, नवंबर 2025 में आरोपित रणधीर सिंह ने काजल नाम की महिला के साथ शादी की थी। काजल के पहले पति से तीन बच्चे थे। काजल का पहला पति उसे छोड़कर चला गया था। रणधीर सिंह के गुस्सा होने की वजह यह थी कि दो वर्षीय बेटे शिवांश के कारण काजल दूसरे पति यानी आरोपित रणधीर सिंह को समय नहीं दे पाती थी। इसलिए रणधीर ने शिवांश को रास्ते हटाने की योजना बनाई।
खबरें और भी
खुद ही अस्पताल लेकर पहुंचा
25 जनवरी की शाम के समय वह शिवांश को घर से बाहर ले गया और किराये के कमरे से कुछ दूरी पर ले जाकर नीचे पटक-पटककर बच्चे की हत्या कर दी। घर जाकर पत्नी को बता दिया कि बच्चा सीढ़ियों से गिर गया है। खुद ही पत्नी के साथ उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया, चूंकि कोई शिकायत नहीं मिली थी, इसलिए पुलिस ने उस समय कोई कार्रवाई नहीं की थी।
गिनती न लिख पाने पर ले ली थी बेटी की जान
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले एक और ऐसा मामला सामने आया था जिसमें कृष्णा जायसवाल नामक व्यक्ति ने अपनी चार वर्षीय सगी बेटी को इसलिए फर्श पर पटककर मार डाला था कि वह पढ़ाई के दौरान एक से 50 तक गिनती नहीं लिख पाई थी।