यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फरीदाबाद में घुड़चढ़ी के दौरान दबंगों ने चला दी गोली, युवती घायल
फरीदाबाद जिले के तिगांव थाना प्रभारी जयनारायण का कहना है कि उन्होंने दोनों आरोपितों के खिलाफ अनुसूचित जाति अधिनियम जान लेवा हमला करने और भारतीय शस्त्र ...और पढ़ें

HighLights
- जानलेवा हमला करने के आरोप में किया मुकदमा दर्ज
- आरोपित मौके से भागने में सफल हो गए
जागरण संवाददाता, तिगांव। अनुसूचित जाति के युवक की घुड़चढ़ी के दौरान दबंगों ने गोली चलाई। गोली लगने से अनुसूचित जाति की युवती घायल हो गई। उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है।
तिगांव आंबेडकर बस्ती के रहने वाले जगदीश ने थाना तिगांव पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कालोनी के रहने वाले कर्मवीर के बेटा सचिन की शादी है। बरात के जाने से पहले दूल्हे की घुड़चढ़ी हो रही थी। दूल्हे को पूजा करने शिव मंदिर में जाना था।
जब दूल्हा गांव के निवासी बाबू के घर के सामने पहुंचा तो तभी वह जातिसूचक गालियां देते हुए बोला कि वह उनकी बरात को अपने घर के आगे से नहीं निकलने देगा। उसने इस दौरान महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। वह नाचने लगा और नोट बरसाने लगा। तभी गांव के रहने वाले हीरा ने बाबू का साथ देते हुए कट्टा से गोली चला दी।
गोली चलने से मच गई भगदड़
गोली उसकी बेटी सोनिया को बाएं पैर में लग गई। गोली चलने से भगदड़ मच गई और जान बचाने के लिए इधर-उधर छुप गए। बाबू और हीरा दोनों मौके से भागने में सफल हो गए। जगदीश का कहना है कि उन्होंने सोनिया को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना तिगांव प्रभारी जयनारायण का कहना है कि उन्होंने दोनों आरोपितों के खिलाफ अनुसूचित जाति अधिनियम, जान लेवा हमला करने और भारतीय शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल सोनिया को बयान देने के लिए डाक्टरों ने अनफिट बताया है। दोनों आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

