यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फरीदाबाद में घर बनाने के बाद कर्ज में डूबा शख्स, नहीं चुका पाया तो डॉक्टर से मांगी रंगदारी; गिरफ्तार
फरीदाबाद में मकान बनाने के दौरान कर्ज होने पर एक व्यक्ति ने डॉक्टर से रंगदारी मांगी। डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद क्राइम ब्रांच सेंट ...और पढ़ें

HighLights
- मकान बनाने के कर्ज में डूबे व्यक्ति ने मांगी रंगदारी |
- डॉक्टर से 3 लाख की रंगदारी मांगने का मामला |
- पुलिस ने आरोपी को फ्रेंड्स कॉलोनी से किया गिरफ्तार |
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। मकान बनाने के दौरान कर्जा हो गया तो एक व्यक्ति ने एक क्लीनिक पर लगे बोर्ड पर मोबाइल नंबर नोट कर डॉक्टर को मैसेज कर रंगदारी मांग ली। मैसेज करने वाले ने समझा कि डाक्टर कुछ दे जाएगा, पर डाक्टर ने पुलिस को शिकायत कर दी। नतीजा रंगदारी मांगने धरा गया। अब वह पछता रहा है, पर फिलहाल तो उसे जेल की सलाखों के पीछे रहना होगा।
पलवल के सरलागढ़ के रहने वाले मुकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका सोहना पुल के पास डा.लाल के नाम से क्लीनिक चल रहा है। 29 जून को उनके फोन पर मैसेज आया। जिससे उसमें तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। वहीं रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके साथ ही पुलिस या किसी और को नहीं बताने की धमकी दी।
मामला दर्ज करके आरोपित की तलाश शुरू कर दी
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके आरोपित की तलाश शुरू कर दी। मामले की जांच क्राइम ब्रांच सेंट्रल को सौंपी गई। पुलिस ने काल ट्रेस करते हुए आरोपित गजेंद्र को फ्रेंड्स कालोनी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने बताया कि उसने राजस्थान के दतालोटी में नया मकान बनाया था। जिसके चलते उस पर कर्जा हो गया था। कर्जा उतारने के लिए उसने रंगदारी मांगी थी।
आरोपित ने डॉक्टर का नंबर क्लीनिक के बाहर लगे बोर्ड से लिया था। उसके बाद मोबाइल फोन से रंगदारी के बारे में मैसेज किया। आरोपित ग्रेजुएट है। वारदात में प्रयोग फोन को पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपित को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।