विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कौन हैं राजेश नागर? करोड़ों में है संपत्ति, क्या बेदाग छवि का BJP को मिलेगा फायदा; समझिए तिगांव विधानसभा का गणित

Published: Fri, 23 Aug 2024 04:01 PM (IST)

Haryana Election 2024 हरियाणा में इस बार किसकी सरकार बनेगी? इस सवाल का जवाब आगामी 4 अक्टूबर को मिलेगा क्योंकि ...और पढ़ें

Haryana Vidhan Sabha Chunav 2024: राजेश नागर, विधायक, तिगांव विधानसभा क्षेत्र, फरीदाबाद।
Haryana Vidhan Sabha Chunav 2024: राजेश नागर, विधायक, तिगांव विधानसभा क्षेत्र, फरीदाबाद।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। हरियाणा में 1 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होना है। चार अक्टूबर को चुनाव परिणाम आ जाएगा। ऐसे में हर राजनीतिक दल और नेता तैयारियों में जुट गए हैं। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद लोकसभा की 9 विधानसभा सीटों में से एक तिगांव सीट पर भी चुनाव होना है।

यहां से अभी वर्तमान में बीजेपी से राजेश नागर विधायक हैं। जिन्होंने पिछले चुनाव में कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक ललित नागर (Lalit Nagar) को हराया था। आइए जानते हैं 5 साल में नेता जी ने क्षेत्र की जनता के लिए क्या काम किया और क्या नहीं? विधायक राजेश नागर के रिपोर्ट कार्ड पर नजर डालते हैं।

विधायक निधि की राशि

डी प्लान के तहत विधायक को 15 करोड़ रुपये के करीब राशि मिली। इस राशि से गांव के रास्ते, तालाब का सुंदरीकरण, चौपाल सहित अन्य की मरम्मत कराई। इसके अलावा विधायक को 50-50 लाख की स्वेगी योजना के तहत चार किस्तें मिली थी। इनसे विकास कार्य कराए गए। 2019 में विधायक राजेश नागर ने कांग्रेस के ललित नागर को 33841 वोटों के अंतर से हराया था।

पांच वर्ष में कितने विधानसभा सत्र में शामिल हुए

विधायक राजेश नागर (MLA Rajesh Nagar) ने विधानसभा के सभी सत्र में शामिल हुए। इन सत्रों में करीब 32 प्रश्न पूछे। इनमें से प्रमुख रूप से नगर निगम में शामिल हुए गांवों में विकास कराने, रुके हुए विकास कार्य जैसे बिजली सब स्टेशन, मंझावली पुल का निर्माण जल्द पूरा करने, तालाबों का सुंदरीकरण करने, महावतपुर में यमुना नदी पर पुल बनाने, गांव को गांव से जोड़ने वाले रास्ते बनाने, खेत खलिहान के रास्ते बनाने वाले इन प्रश्नों पर सरकार ने कार्यवाही भी की।

विधायक की पांच बड़ी उपलब्धि

- नचौली गांव में महिला महाविद्यालय का निर्माण कराया। यहां ग्रामीण क्षेत्र में एक भी कालेज नहीं था।

- सेक्टर-37 और 78 में बिजली के सब स्टेशन बनवाए, जो अब चालू हो चुके हैं।

- मंझावली पुल परियोजना की सड़क बनवाई। शहर से लेकर यमुना नदी तक 32 किलोमीटर सड़क बनी है। पुल काम काम अंतिम चरण में है।

- तिगांव में आईटीआई, तिगांव में माडल संस्कृति स्कूल, कॉलेज अपग्रेड कराया।

- फरीदाबाद-तिगांव चार लेन और बल्लभगढ़-तिगांव सड़क चौड़ीकरण का काम प्रगति पर है।

पांच बड़ी विफलताएं

- मंझावली पुल का काम पूरा नहीं हो सका

- नगर निगम में शामिल हुए गांव में काफी समस्याएं हैं, इन्हें दूर नहीं करा पाए

- ग्रेटर फरीदाबाद में टाउन पार्क, स्टेडियम व केंद्रीय विद्यालय नहीं ला पाए

- तिगांव में मॉडल तालाब का काम पूरा नहीं करा पाए

- क्षेत्र की दर्जनभर से अधिक कालोनियों में पानी निकासी, पेयजल किल्लत व बिजली की समस्याएं हैं।

विधायक का पक्ष

तिगांव विधानसभा क्षेत्र (Tigaon Assembly Constituency) में गांव से लेेकर सेक्टर व कालोनियों में काफी समस्याएं थी। कोरोना काल की वजह से शुरुआत में विकास कार्य की गति धीमी रही लेकिन बाद में उतनी ही तेज गति से काम कराए। हर कालोनी, सेक्टर व गांव में काम कराए गए हैं। जो-जो मांग आती रही, काम कराते चले गए। 600 करोड़ से अधिक के विकास कार्य करा दिए गए हैं। सबसे महत्वपूर्ण मंझावली पुल जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। ग्रेटर फरीदाबाद में सभी मास्टर रोड की मरम्मत हो चुकी है। शहर को गांव से जोड़ने वाली तीन सड़कें बन गई हैं। नगर निगम में आए 24 गांव में विकास कार्यों के एस्टीमेट बन गए हैं। जल्द काम भी शुरू हो जाएंगे। कुछ शुरू हो चुके हैं। खेत-खलिहान के तहत कई गांव के रास्ते बनवाए हैं। गांव में स्ट्रीट लाइटें लगवाई जा चुकी हैं।

राजेश नागर, विधायक, तिगांव विधानसभा क्षेत्र

पब्लिक सब जानती है

तिगांव में पानी निकासी नहीं है। मुख्य सड़क बेहाल है। शहर को गांव से जोड़ने वाली दोनों सड़कें अधूरी हैं। तिगांव में डाली गई सीवर लाइन में घोटाला हुआ है। लाइन चालू नही है और ठेकेदार को भुगतान कर दिया है। तिगांव में माडल तालाब नहीं बन सका है। जिस गति से काम होने चाहिए थे, वह नहीं हुए।

योगेश अधाना, तिगांव

विधायक की साफ छवि है। आमजन की सुनवाई भी हुई है। काम भी कराए गए हैं। हर समस्या का समाधान कोई नहीं कर सकता। फिर कोराेना काल में भी काम प्रभावित हुए हैं। लेकिन बाद में काम ने तेजी पकड़ी है। हर गांव में विकास कार्य हुए हैं और अब भी जारी हैं। इसलिए विधायक का कार्यकाल मिला-जुला रहा है।

दयाचंद कौशिक, पूर्व सरपंच, फरीदपुर

ग्रेटर फरीदाबाद में बिल्डरों ने लोगों को खूब परेशान किया है। सुनवाई नहीं होती है। विधायक ने बिल्डरों की शिकायत मुख्यमंत्री से की थी। इसके बाद कुछ बदलाव आया है। ग्रेटर फरीदाबाद में सड़कों से लेकर पानी निकासी की समस्याओं पर काम हुआ है। सोसायटी तक रेनीवेल का पानी पहुंच गया है। डीपीएस से लेकर आनंद विला सोसायटी तक सड़क खराब है। इसे बनवाने के लिए विधायक से आग्रह किया है।

राजू वर्मा, पुरी आनंद विला

विरोधी बोले

पल्ला क्षेत्र से लेकर बसंतपुर तक एक लाख से अधिक मतदाता हैं। यहां एक भी गली नहीं बनी और पानी की निकासी नहीं हुई। सीएम की रैली में कहा गया था कि अस्पताल व महाविद्यालय बनाएंगे लेकिन कुछ नहीं हुआ। ग्रेटर फरीदाबाद में सड़कें नहीं बनाई गई। सोसायटीवासी परेशान हैं। गांव में पानी निकासी है ही नहीं। छोटी सड़कें टूटी पड़ी हैं। पांच साल में सड़कें नहीं बनी है। जब से ग्राम पंचायत बनी हैं, उन्हें ग्रांट नहीं दी गई है। इस वजह से विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। एक दशक पहले की गई घोषणा के तहत मंझावली पुल की घोषणा आज भी पूरी नहीं हो सकी है। कहने का मतलब यह है कि हर वर्ग परेशान हैं। लेकिन सरकार ने उनकी सुनवाई नहीं की। केवल भाषणबाजी में लगे रहे। धरातल पर काम नहीं हुए।

ललित नागर, पूर्व विधायक, तिगांव विधानसभा क्षेत्र

नाम : राजेश नागर

-आयु : 55 वर्ष

-पार्टी : भाजपा

-कुल मतदाता - 303677

-इनको मिले कुल मत - 97126

-कार्यकाल - 2019 से 2024

-शिक्षा : बीकॉम

-परिवार में सदस्य : धर्मपत्नी मंजू नागर, बेटा वंश व बेटी आकांशा और मुस्कान

आर्थिक स्थिति

-संपत्ति- 12 करोड़ रुपये चल-अचल संपत्ति

-देनदारी-अलग-अलग बैंकों की 25 लाख के लगभग

-अपराधिक पृष्ठ भूमि - कोई मुकदमा दर्ज नहीं

यह भी पढ़ें: Haryana Election 2024: फरीदाबाद विधानसभा सीट पर कौन होगा BJP का उम्मीदवार? छह दिग्गजों के नाम आए सामने

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।