फरीदाबाद से गिरफ्तार हुआ पंजाब हैंड ग्रेनेड हमले का आरोपित, ISI और आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़े तार
पंजाब पुलिस ने फरीदाबाद से हैंड ग्रेनेड हमले के मुख्य आरोपी कुलवंत अली को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी आईएसआई ...और पढ़ें

कुलवंत अली (इनसेट) की गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
HighLights
फरीदाबाद से पंजाब ग्रेनेड हमले का आरोपी गिरफ्तार।
आरोपी कुलवंत अली ISI, शहजाद भट्टी से जुड़ा।
सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह बड़ी कामयाबी है।
हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। पंजाब में आतंकी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से कुलवंत अली नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
8 किलो आरडीएक्स की बरामदगी से जुड़ा मामला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था। उसे 13 सितंबर 2026 को फाजिल्का जिले के जलालाबाद में हुए हैंड ग्रेनेड हमले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। इसके अलावा वह राजस्थान के श्रीगंगानगर में 8 किलो आरडीएक्स की बरामदगी से जुड़े मामले में भी वांटेड था।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, कुलवंत अली मूल रूप से पंजाब के फिरोजपुर जिले का रहने वाला है। जलालाबाद में हैंड ग्रेनेड हमले के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर फाजिल्का पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
सीमा पार नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई की जांच
जांच एजेंसियों के लिए कुलवंत की गिरफ्तारी इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि उसका नाम दो अलग-अलग राज्यों में गंभीर मामलों से जुड़ा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जलालाबाद हमले और श्रीगंगानगर में आरडीएक्स बरामदगी के मामलों में उसकी क्या भूमिका रही है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि हथियारों और विस्फोटक सामग्री की सप्लाई में उसका कोई सीधा संबंध था या नहीं।
क्या पंजाब के बाहर भी फैले हैं तार?
पुलिस आरोपी के पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी और आईएसआई से कथित संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है। जांच का एक अहम पहलू यह है कि सीमा पार से निर्देश मिलने पर स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग काम कर रहे थे और उनका नेटवर्क पंजाब सहित दूसरे राज्यों में कहां तक फैला हुआ था।
पुलिस का दावा जल्द करेंगे पुष्टि
फिलहाल पुलिस पूछताछ और जांच के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों तथा संदिग्ध संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। एजेंसियों को उम्मीद है कि कुलवंत से पूछताछ में कथित आतंकी मॉड्यूल की कार्यप्रणाली और उसके स्थानीय संपर्कों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। हालांकि, आरोपी की भूमिका और कथित आतंकी संबंधों से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के जरिए होनी बाकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।