फतेहाबाद गुरुद्वारा में बेअदबी का प्रयास, शराब के साथ घुसे युवक को पकड़ा
फतेहाबाद के एमपी रोही गांव स्थित गुरुद्वारा साहिब में मंगलवार देर शाम बेअदबी का प्रयास सामने आया। एक युवक ने शराब के साथ गुरुद्वारा में प्रवेश कर श्री ...और पढ़ें

गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी का प्रयास, पुलिस ने युवक को पकड़ा। फाइल फोटो
HighLights
फतेहाबाद के एमपी रोही गुरुद्वारा में बेअदबी का प्रयास
युवक शराब के साथ गुरुद्वारा में घुसा, छेड़छाड़ की
सेवादारों ने आरोपी गुरप्रीत सिंह को पकड़कर पुलिस को सौंपा
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद जिले के गांव एमपी रोही स्थित गुरुद्वारा साहिब में मंगलवार देर शाम बेअदबी का मामला सामने आया है। एक युवक पर गुरुद्वारा में घुसकर गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है।
सेवादारों की सतर्कता से आरोपित को मौके पर ही काबू कर लिया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान गुरप्रीत सिंह निवासी एमपी रोही के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता गुरनाम सिंह कमेटी प्रधान ने बताया कि आरोपित गुरुद्वारा साहिब में प्रवेश करते समय अपने हाथ में शराब की बोतल और गिलास लिए हुए था।
इस पर सेवादारों को संदेह हुआ। आरोप है कि अंदर पहुंचते ही युवक ने दरबार साहिब में रखे रुमाला साहिब के साथ छेड़छाड़ की और बाद में सचखंड साहिब में जाकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप को उठाने का प्रयास करने लगा।
घटना के दौरान मौजूद सेवादारों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित को मौके पर ही पकड़ लिया और डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया।
सब इंस्पेक्टर संजय ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के अनुसार आरोपित नंगे सिर गुरुद्वारा में प्रवेश कर गया था और धार्मिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया। यह पूरी घटना गुरुद्वारा में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसे पुलिस जांच में शामिल कर रही है।