फतेहाबाद के भट्टू रोड पर खड़ी कार में लगी आग, बाल-बाल बचे दो युवक
फतेहाबाद के भट्टू रोड पर शुक्रवार देर रात एक इटियास कार में अचानक आग लग गई, जिससे कार पूरी तरह ...और पढ़ें
-1784372512814_m.webp)
भट्टू रोड पर खड़ी कार में लगी भीषण आग।
HighLights
भट्टू रोड पर इटियास कार में लगी भीषण आग
कार में सवार दो युवकों की जान बची
तकनीकी खराबी को आग का कारण माना जा रहा
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। शहर के भट्टू रोड स्थित अग्रवाल कालोनी मोड़ के पास शुक्रवार देर रात एक इटियास कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार पूरी तरह जलकर कबाड़ बन गई।
घटना के समय कार में दो युवक मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकल जाने से दोनों की जान बच गई। शनिवार सुबह राहगीरों ने जली हुई कार देखी तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कार मालिक का पता लगाकर मामले की जानकारी जुटाई। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पंजाब नंबर की कार का मालिक अग्रवाल कालोनी में किराये पर रहता है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है। शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह अपने एक साथी के साथ कार में बैठकर बातचीत कर रहा था।
इसी दौरान कार से अचानक धुआं निकलने लगा। दोनों युवक तुरंत कार से बाहर उतर गए और कारण जानने का प्रयास करने लगे। तभी कार का कंप्रेसर फट गया और आग तेजी से फैल गई।
दोनों युवकों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में लपटें पूरी कार में फैल गईं। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। रात के समय आसपास अधिक आवाजाही नहीं होने के कारण आग लंबे समय तक जलती रही।
सुबह लोगों की नजर जली हुई कार पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।