फतेहाबाद में पिकअप-बाइक की भीषण टक्कर, एक की मौत और तीन घायल
फतेहाबाद के बीघड़ रोड पर बुधवार रात पिकअप और बाइक की टक्कर में पंजाब के मानसा जिले के बरेटा निवासी 48 वर्षीय सुखविंदर की मौत हो गई।
-1791494794529_m.webp)
फतेहाबाद में पिकअप-बाइक की भीषण टक्कर। सांकेतिक फोटो
HighLights
फतेहाबाद में पिकअप और बाइक की टक्कर से हादसा।
पंजाब के सुखविंदर की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुए।
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। बीघड़ रोड पर डीएवी स्कूल के पास बुधवार रात पिकअप और बाइक की टक्कर में पंजाब के मानसा जिले के बरेटा निवासी 48 वर्षीय सुखविंदर की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार पंजाब के बरेटा निवासी बलराज, सुखविंदर, कुलदीप और गुरमेल फतेहाबाद आए थे। बताया गया कि उन्हें गोगामेड़ी जाना था, लेकिन फतेहाबाद पहुंचने के बाद वे बलराज की बहन से मिलने बीघड़ रोड की तरफ चले गए। रात को चारों बाइक पर सवार होकर वापस बरेटा जा रहे थे। इसी दौरान डीएवी स्कूल के पास पिकअप गाड़ी से टक्कर हो गई।
अस्पताल पहुंचने पर सुखविंदर ने तोड़ा दम
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार चारों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सुखविंदर को मृत घोषित कर दिया, जबकि बलराज, कुलदीप और गुरमेल का उपचार शुरू किया गया।
घायल बलराज और कुलदीप ने बताया कि उन्हें गोगामेड़ी जाना था, लेकिन रास्ते में फतेहाबाद में बहन से मिलने का कार्यक्रम बना लिया। जिससे यह हादसा हो गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।
