गुरुग्राम में जमीन या घर खरीदना अब और भी महंगा, नए कलेक्टर रेट लागू; कई इलाकों में 75% तक बढ़ा दी गई कीमत
गुरुग्राम में 026-27 के लिए संशोधित कलेक्टर रेट 1 अप्रैल से लागू हो गए हैं। उपायुक्त अजय कुमार ने नई दरों के क्रियान्वयन के निर्देश दिए। इन दरों में आ ...और पढ़ें

गुरुग्राम में नए कलेक्टर रेट लागू किए गए। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
नए कलेक्टर रेट 1 अप्रैल से गुरुग्राम में प्रभावी हुए
11% क्षेत्रों में 75% तक की अधिकतम वृद्धि दर्ज
आधे से अधिक इलाकों में कलेक्टर रेट अपरिवर्तित रहे
संवाद सहयोगी, बादशाहपुर। जिले में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए संशोधित कलेक्टर रेट पहली अप्रैल से प्रभावी हो गए हैं। इसको लेकर उपायुक्त अजय कुमार ने लघु सचिवालय में राजस्व विभाग और उपमंडल अधिकारियों के साथ बैठक कर नई दरों के क्रियान्वयन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए।
इस बार कलेक्टर रेट का निर्धारण क्षेत्रवार विकास, बाजार भाव और बुनियादी सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया गया है। नई दरों में आवासीय, कृषि और व्यावसायिक श्रेणियों में औसतन 15 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि जिले के करीब 51 प्रतिशत हिस्से में कलेक्टर रेट यथावत रखे गए हैं। जहां किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया गया।
11% इलाकों में 75% बढ़ गई कीमत
दूसरी ओर तेजी से विकसित हो रहे चुनिंदा इलाकों में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। लगभग 11 प्रतिशत क्षेत्रों में कलेक्टर रेट में अधिकतम 75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। ये वे क्षेत्र हैं जहां पिछले कुछ समय में रियल एस्टेट गतिविधियां तेज हुई हैं और बाजार मूल्य में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि नई दरों का निर्धारण बीते वित्तीय वर्ष के दौरान हुई रजिस्ट्री के आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर किया गया है। ताकि कलेक्टर रेट और वास्तविक बाजार मूल्य के बीच संतुलन बना रहे। उन्होंने कहा कि कलेक्टर रेट जमीन की खरीद-फरोख्त में अहम भूमिका निभाते हैं। इससे राजस्व संग्रह के साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित होती है।
खबरें और भी
अब नई दरों के साथ होगी रजिस्ट्री
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दरों को अंतिम रूप देने से पहले वैल्यूएशन कमेटी द्वारा विस्तृत सर्वेक्षण, बाजार अध्ययन और स्थानीय परिस्थितियों का गहन आकलन किया गया। इसके बाद राजस्व विभाग और राज्य सरकार की स्वीकृति मिलने पर इन्हें लागू किया गया है।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नई दरों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं।
साथ ही रजिस्ट्री प्रक्रिया में तय नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
वेबसाइट पर नए कलेक्टर रेट की जानकारी मौजूद
जिला प्रशासन ने नागरिकों की सुविधा के लिए नई कलेक्टर रेट की विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है। जिससे लोग अपने क्षेत्र की दरों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
जिला कलेक्टर अजय कुमार ने अधिकारियों के साथ नए कलेक्टर रेट को लेकर बैठक की। बैठक में बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, सोहना के एसडीएम अखिलेश यादव, जिला राजस्व अधिकारी विजय यादव सहित सभी तहसीलदार व नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।