विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटे की मौत के बाद मां को मोबाइल से मिला सुराग, ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी Meesho पर FIR दर्ज

Published: Thu, 20 Aug 2026 02:48 PM (IST)

गुरुग्राम में एक 12वीं पास छात्र की ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी मीशो से प्रतिबंधित सल्फास मंगाकर खाने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

HighLights

  1. 12वीं पास छात्र की ऑनलाइन सल्फास खाने से मौत।

  2. मीशो से प्रतिबंधित कीटनाशक मंगाने का खुलासा मोबाइल से।

  3. मां की शिकायत पर मीशो, विक्रेता पर मामला दर्ज।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी से प्रतिबंधित कीटनाशक सल्फास मंगाकर खाने से 12वीं पास छात्र की मौत हो गई। मृतक के मोबाइल से मिले ऑर्डर के सबूत के आधार पर मां की शिकायत पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने घटना के चार महीने बाद अब गुरुवार को मीशो कंपनी और गुजरात के एक विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मोाबाइल चेक करने पर खुला राज

पुलिस को दी शिकायत में गुरुग्राम के गांव टीकली निवासी अनुराधा मेहरा ने बताया कि उनका सबसे बड़ा बेटा यूवी 17 वर्ष 4 महीने का था। उसने 12वीं की परीक्षा दी थी। इसी वर्ष 28 अप्रैल को उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया था।

इससे उसकी मौत हो गई थी। बेटे की मौत के बाद जब अनुराधा ने यूवी का मोबाइल चेक किया तो पता चला कि उसने 11 अप्रैल को अपने मोबाइल से मीशो ऑनलाइन एप से सल्फास का ऑर्डर किया था।

गुजरात की फर्म ने भेजा था पार्सल

शिकायत के अनुसार, यह सल्फास सूरत की परमार पंकज भारत भाई-एवरग्रीन एग्रो एंड गार्डनिंग मॉल के बिल पर भेजा गया था। आरोप है कि कंपनी ने बिना किसी जांच-पड़ताल के प्रतिबंधित सल्फास एक नाबालिग को बेच दिया था।

अनुराधा ने कहा कि मीशो और फर्म की लापरवाही और कानून तोड़ने के कारण उनके बेटे को यह जहरीला पदार्थ मिला। उन्होंने कंपनी और विक्रेता के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ सल्फास के बिल की कॉपी भी पुलिस को दी गई है।

मीशो और फर्म से होगी पूछताछ

बादशाहपुर थाना पुलिस ने बताया कि 28 अप्रैल को मृतक के पिता सतीश की शिकायत पर 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शरीर के अंगों और खून के नमूने एफएसएल भोंडसी जांच के लिए भेजे गए थे।

किशोर की मां ने अदालत में अर्जी दी। अदालत के आदेश पर जांच में बिल और मोबाइल का ब्योरा मिलने पर अब लापरवाही के तहत मामला दर्ज किया गया है। मीशो और फर्म से इस बारे में पूछताछ की जाएगी।