विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बारिश में बंधवाड़ी लैंडफिल से बहा लीचेट, प्रदूषण बोर्ड ने नगर निगम को भेजा नोटिस

Published: Thu, 13 Aug 2026 05:01 AM (IST)

हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बंधवाड़ी लैंडफिल से लीचेट बहने पर गुरुग्राम नगर निगम को नोटिस जारी किया है। निगम ...और पढ़ें

हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बंधवाड़ी लैंडफिल से लीचेट बहने पर गुरुग्राम नगर निगम को नोटिस जारी किया है।

हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बंधवाड़ी लैंडफिल से लीचेट बहने पर गुरुग्राम नगर निगम को नोटिस जारी किया है। 

HighLights

  1. प्रदूषण बोर्ड ने बंधवाड़ी लैंडफिल लीचेट पर नोटिस भेजा।

  2. नगर निगम पर पहले ही 7 करोड़ का जुर्माना।

  3. लीचेट प्रबंधन हेतु 26 करोड़ का प्रस्ताव तैयार।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। बंधवाड़ी स्थित लैंडफिल साइट पर वर्षा के दौरान लीचेट के बाहर बहने के मामले में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर निगम गुरुग्राम को नोटिस जारी किया है। पिछले दिनों हुई वर्षा के दौरान लैंडफिल से लीचेट बहने की शिकायत कुछ पर्यावरणविदों ने की थी।

शिकायत के आधार पर मामले को गंभीरता से लेते हुए बोर्ड ने नगर निगम से लीचेट के प्रबंधन और रोकथाम को लेकर जवाब मांगा है। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय अधिकारी आकांक्षा तंवर ने बताया कि लैंडफिल से लीचेट बाहर बहने के मामले को लेकर नगर निगम को नोटिस भेजा गया है।

नोटिस में लीचेट के उचित प्रबंधन और इसके बाहर निकलने से रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बंधवाड़ी लैंडफिल पर पर्यावरणीय नियमों की अवहेलना को लेकर नगर निगम पर हर महीने 10 लाख रुपये का पर्यावरणीय जुर्माना लगाया जा रहा है।

अब तक सात करोड़ से अधिक का जुर्माना

लैंडफिल साइट पर पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन को लेकर नगर निगम पर अब तक करीब सात करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया जा चुका है। इसके बावजूद वर्षा के दौरान लीचेट के बाहर निकलने की शिकायत सामने आने से लैंडफिल के मौजूदा प्रबंधन और लीचेट निस्तारण व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। पर्यावरणविदों का कहना है कि वर्षा के पानी के साथ लीचेट के आसपास के क्षेत्र में फैलने से पर्यावरण और भूजल पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है।

टैंकरों से एसटीपी भेजा जा रहा लीचेट

उधर, नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि लैंडफिल से निकलने वाले लीचेट को टैंकरों के माध्यम से बहरामपुर स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में भेजा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, लैंडफिल साइट पर लीचेट के बेहतर प्रबंधन के लिए स्थायी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

26 करोड़ रुपये के कार्य का प्रस्ताव

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, लैंडफिल पर डीटीआरओ स्थापित करने सहित लीचेट प्रबंधन और अन्य जरूरी कार्यों पर करीब 26 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए प्रस्ताव शहरी स्थानीय निकाय विभाग को भेजा जा चुका है। विभाग से मंजूरी मिलने के बाद बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर प्रस्तावित कार्य शुरू किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि स्थायी व्यवस्था होने के बाद लीचेट प्रबंधन और बेहतर तरीके से होगा।