गुरुग्राम में नकली सोने के बिस्कुट से पानी टैंकर सप्लायर से ठगी, मिर्जापुर का हिस्ट्रीशीटर आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम में एक पानी टैंकर सप्लायर को नकली सोने के बिस्कुट देकर एक लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी भगवानदास को इफक ...और पढ़ें
-1768129796669_m.webp)
पानी टैंकर सप्लायर से एक व्यक्ति ने असली बताकर नकली सोने के बिस्कुट दे दिए और एक लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
HighLights
पानी सप्लायर से नकली सोने के बिस्कुट देकर ठगी।
एक लाख रुपये की धोखाधड़ी, आरोपी इफको चौक से गिरफ्तार।
आरोपी मिर्जापुर का हिस्ट्रीशीटर, कई राज्यों में मामले।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के भांगरौला में रहने वाले पानी टैंकर सप्लायर से एक व्यक्ति ने असली बताकर नकली सोने के बिस्कुट दे दिए और एक लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। जब बिस्कुट के नकली होने की जानकारी मिली तो पीड़ित ने थाने में केस दर्ज कराया। सेक्टर 43 क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले की जांच करते हुए रविवार को एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
भांगरौला में रहने वाले पानी टैंकर सप्लायर रामानंद ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनके टैंकरों पर उनका फोन नंबर लिखा हुआ है। किसी ने उन्हें कुछ दिन पहले फोन किया और कहा कि उसके पास सोने के बिस्कुट हैं। वह उन्हें बेचना चाहता है। डील तय हुई तो आरोपित ने असली सोना बताकर नकली सोने के बिस्कुट दे दिए और एक लाख रुपये ले लिए।
मामले में केस दर्ज होने के बाद सेक्टर 43 क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपित को इफको चौक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के रहने वाले भगवानदास के रूप में की गई। पूछताछ में उसने इसी तरह से कई लोगों से धोखाधड़ी करने की जानकारी दी। उस पर अलग-अलग राज्य व शहरों में दो दर्जन से ज्यादा मामले धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत दर्ज हैं।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपित मिर्जापुर के विंध्याचल थाने का हिस्ट्रीशीटर है। मिर्जापुर पुलिस को भी आरोपित की काफी दिनों से तलाश थी। आरोपित के पास से ठगी के दौरान इस्तेमाल में आने वाले नकली सोने के छह सौ ग्राम के छोटे-छोटे बिस्कुट बरामद किए गए। इसके पास से 40 हजार रुपये भी मिले हैं। क्राइम ब्रांच ने बताया कि इसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इसके बाद इससे इसके गिरोह के बारे में पूछताछ की जाएगी।