विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीतू राघव हत्याकांड: कमरे की टांड पर छिपाई बाइक, नंबर प्लेट भी बदली; पूछताछ में उगले बड़े राज

Published: Mon, 26 Oct 2026 12:43 PM (IST)

गुरुग्राम में नीतू राघव हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता संदीप ने हत्या में इस्तेमाल बाइक को अपने घर की टांड पर छिपा दिया था और नंबर प्लेट भी बदल दी थी।

नीतू राघव की हत्या का मामला। जागरण

नीतू राघव की हत्या का मामला। जागरण

HighLights

  1. संदीप ने हत्या में प्रयुक्त बाइक घर की टांड़ पर छिपाई।

  2. पुलिस ने रिमांड पर आरोपी से बाइक और जेवर बरामद किए।

  3. नाली विवाद और जमीन एग्रीमेंट रद्द होना हत्या का कारण।

संवाद सहयोगी, सोहना (गुरुग्राम)। गुरुग्राम में सोहना के दौला गांव में अध्यापक प्रशांत की पत्नी नीतू राघव की हत्या के मामले में मुख्य साजिशकर्ता संदीप ने हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक को वारदात के बाद अपने घर में टांड पर छिपा दी थी।

रिमांड के दौरान पूछताछ में उसने इसकी जानकारी दी। इसके बाद सोहना क्राइम ब्रांच ने आरोपी के घर की टांड से बाइक बरामद की।

लूटे गए जेवर बरामद

पुलिस को गुमराह करने के लिए भी संदीप ने पूरी साजिश रची। घटना के बाद संदीप ने अपनी बाइक का नंबर प्लेट बदला और रात के अंधेरे में बाइक को घर पर लाकर बेडरूम में लगे टांड पर बाइक छिपा दी थी। इससे पहले पुलिस ने आरोपियों के पास से घर से लूटे गए जेवर बरामद किए थे।

रास्ते से ही हटाने की साजिश रच ली

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रिमांड के दौरान पता चला कि संदीप का एक साल पहले नाली में कूड़ा डालने को लेकर नीतू से विवाद हो गया था। इसके बाद से ही वह खुन्नस रखने लगा था। कुछ महीने पहले जब नीतू ने जमीन का एग्रीमेंट कैंसिल कराया तो उसने उसे रास्ते से ही हटाने की साजिश रच ली थी। उसने अपने साथियों रुड़की से अवनीश और अनुज को बुलाकर 16 अक्टूबर को नीतू की हत्या कराई।

इस मामले में पुलिस ने महिला के जेठ संदीप, अवनीश व अनुज को 20 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। इन्हें रिमांड के बाद शुक्रवार को जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- नीतू हत्याकांड: जमीन का सौदा कैंसिल करना पड़ा भारी! जेठ ने सुपारी देकर करवाई थी हत्या, 2 और आरोपी अरेस्ट