विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली को लेकर अलर्ट मोड में गुरुग्राम पुलिस, 4300 जवान तैनात; सिर्फ 'ग्रीन पटाखे' फोड़ने की इजाजत

Published: Thu, 05 Nov 2026 06:26 PM (IST)

गुरुग्राम पुलिस ने दीपावली पर्व के लिए 4300 पुलिसकर्मियों को तैनात कर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। बाजारों, मॉल और ...और पढ़ें

दीवाली पर गुरुग्राम पुलिस का सख्त पहरा। जागरण

दीवाली पर गुरुग्राम पुलिस का सख्त पहरा। जागरण

HighLights

  1. दीपावली सुरक्षा हेतु 4300 पुलिसकर्मी गुरुग्राम में तैनात।

  2. केवल ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति, बिक्री की जांच होगी।

  3. बाजारों, यातायात पर विशेष निगरानी, अपराध नियंत्रण पर जोर।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर 4300 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। बाजारों, शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।

पुलिस के अनुसार, दीपावली के इस पावन पर्व को सौहार्द, प्रेम, शांति और कानून के दायरे में रहकर मनाने के उद्देश्य से तथा किसी भी प्रकार की परिस्थिति पर काबू पाने के लिए नियमित पुलिस बल सहित अतिरिक्त पुलिस बल को विशेष निर्देश देकर नियमित व चिन्हित स्थानों पर तैनात किया गया है। सभी पुलिस उपायुक्तों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, सात व आठ नवंबर को केवल ग्रीन पटाखे ही जलाए जा सकेंगे। पटाखों की बिक्री के निर्धारित स्थानों पर विशेष पुलिस पेट्रोलिंग टीमें तैनात रहेंगी। पुलिस द्वारा पटाखों की दुकानों पर लाइसेंस, ग्रीन पटाखों की सील पैकिंग एवं क्यूआर कोड की जांच की जाएगी।

नो-क्रैकर जोन में पटाखे जलाने पर प्रतिबंध

अस्पतालों, नर्सिंग होम, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों व शैक्षणिक संस्थानों के 300 मीटर के दायरे में पटाखे जलाने पर प्रतिबंध रहेगा। इन स्थानों के आसपास विशेष पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। दीपावली के अवसर पर सदर बाजार, शॉपिंग मॉल, सिनेमा हाल एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस की टीमें पैदल गश्त, मोटरसाइकिल एवं पीसीआर के माध्यम से लगातार पेट्रोलिंग करेंगी। महिलाओं के साथ छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग, जेबतराशी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी की जाएगी तथा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध

दीपावली के दौरान बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटियां लगाई गई हैं। पार्किंग स्थलों पर भी निगरानी रखी जाएगी ताकि वाहन चोरी की घटनाओं को रोका जा सके। बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। सभी पुलिस उपायुक्त अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे तथा थाना प्रभारी एवं चौकी इंचार्ज नियमित रूप से पुलिस ड्यूटियों की जांच करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।