Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुरुग्राम शंकर चौक पर नए ट्रैफिक ट्रायल का पहला दिन, यात्रियों को झेलनी पड़ी भारी परेशानी

    Updated: Tue, 30 Jun 2026 09:54 AM (IST)

    गुरुग्राम के शंकर चौक पर नए ट्रैफिक ट्रायल के पहले दिन भारी जाम लग गया, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। सुबह के पीक आवर्स में दिल्ली-गुरुग्राम ...और पढ़ें

    गुरुग्राम के शंकर चौक पर नए ट्रैफिक ट्रायल के पहले दिन भारी जाम लग गया। फाइल फोटो

    गुरुग्राम के शंकर चौक पर नए ट्रैफिक ट्रायल के पहले दिन भारी जाम लग गया। फाइल फोटो

    HighLights

    1. शंकर चौक पर नए ट्रैफिक ट्रायल से पहले दिन जाम।

    2. वाहन चालक नई व्यवस्था से अनभिज्ञ, घंटों फंसे रहे।

    3. ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर के सबसे व्यस्त और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पाट शंकर चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए शुरू किए गए नए ट्रैफिक ट्रायल के पहले ही दिन वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

    सोमवार सुबह से दोपहर तक पीक आवर्स में झाड़सा चौक से शंकर चौक तक दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और सर्विस लेन पर वाहन लंबी कतारों में रेंगते नजर आए। जबकि शंकर चौक से वाया साइबर हब होते हुए सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन तक भीषण गर्मी के बीच लोग घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे कार्यालय जाने वाले कर्मचारी और अन्य राहगीर परेशान दिखाई दिए।

    शंकर चौक शहर का सबसे संवेदनशील ट्रैफिक जंक्शन माना जाता है। एक ओर उद्योग विहार स्थित है, जहां प्रतिदिन लाखों कर्मचारी आते-जाते हैं, जबकि दूसरी ओर साइबर सिटी और साइबर हब का इलाका है, जहां हजारों आइटी और कार्पोरेट पेशेवर काम करते हैं। इसी कारण सुबह और शाम के समय यहां ट्रैफिक का अत्यधिक दबाव रहता है।

    यातायात पुलिस ने शंकर चौक पर ट्रैफिक का दबाव घटाने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रविवार से ट्रायल के तहत साइबर पार्क के सामने नया यू-टर्न खोल दिया है। नई व्यवस्था के अनुसार साइबर सिटी की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग रूट तय किया गया है। वहीं उद्योग विहार, डूंडाहेड़ा, सिरहौल और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग लेन और मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

    हालांकि सोमवार को पहले कार्यदिवस पर अधिकांश वाहन चालक नई व्यवस्था से अनभिज्ञ रहे। इसके चलते कई स्थानों पर वाहन चालकों में भ्रम की स्थिति बनी रही और वाहनों का दबाव बढ़ता गया। एक्सप्रेस-वे की मुख्य सड़क के साथ-साथ सर्विस लेन पर भी वाहन रेंगते नजर आए। ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगातार वाहनों को नियंत्रित करने में जुटे रहे।

    खबरें और भी

    इस दौरान डीसीपी ट्रैफिक प्रतीक गहलोत और एसीपी ट्रैफिक व हेडक्वार्टर सत्यपाल यादव ने शंकर चौक पहुंचकर यातायात का जायजा लिया। साथ ही पुलिस कर्मियों व वाहन चालकों से संवाद करके नई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के सुझाव भी पूछे।

    राहगीरों ने बयां किया दर्द

    रोज की तरह समय पर आफिस निकला था, लेकिन आज शंकर चौक से पहले ही वाहनों की लंबी कतारों के बीच फंस गया। नई ट्रैफिक व्यवस्था की पहले से जानकारी नहीं थी।

    - सतीश कुमार, आइटी कर्मचारी


    गर्मी में आधे घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहने से काफी परेशानी हुई। यदि नई व्यवस्था लागू की गई है तो पर्याप्त संकेतक और ट्रैफिक कर्मी होने चाहिए ताकि भ्रम न रहे।
    - पंकज, आइटी इंजीनियर

    मुझे ओखला जाना था सेक्टर 15 से शंकर चौक चौक पहुंचने में मुझे करीब दो घंटे लग गए। ऐसी भी क्या नई व्यवस्था जो आम जनता के लिए परेशानी का करण बन जाए। - गौरव, राहगीर

    मुझे आफिस पहुंचने में करीब 40 मिनट की देरी हो गई। तेज धूप में काफी परेशानी हुई। उम्मीद है कि ट्रायल सफल होने के बाद शंकर चौक पर रोज लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
    - विशाल, बाइक राइडर

    ट्रायल के दौरान यातायात के प्रवाह का लगातार आकलन किया जा रहा है। यदि नई व्यवस्था प्रभावी साबित होती है तो इसे स्थायी रूप से लागू किया जाएगा। साथ ही जरूरत पड़ने पर ट्रायल के आधार पर जहां जरूरत होगी। वहां पर रूट प्लान में भी बदलाव किए जाएंगे, ताकि शंकर चौक पर जाम और हादसों की समस्या को कम किया जा सके।
    - सत्यपाल कुमार, एसीपी ट्रैफिक हाईवे व हेडक्वार्टर

    यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में नन्कू के गानों पर थिरके छात्र, करुण की प्रस्तुति ने लगाए चार चांद