Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Nuh Violence: नूंह में 28 को फिर निकलेगी जलाभिषेक यात्रा, 31 जुलाई को हुई हिंसा में छह लोगों की गई थी जान

    By Vinay TrivediEdited By: Abhishek Tiwari
    Updated: Thu, 10 Aug 2023 09:09 AM (GMT+05:30)

    Nuh Violence News नूंह के नल्हड़ शिव मंदिर से 31 जुलाई को निकाली गई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा पर विशेष समुदाय के पथराव के बाद हिंसा भड़क गई थी। इस कारण ...और पढ़ें

    Nuh Violence: नूंह में 28 को फिर निकलेगी जलाभिषेक यात्रा
    Nuh Violence: नूंह में 28 को फिर निकलेगी जलाभिषेक यात्रा

    HighLights

    1. नूंह में कर्फ्यू में आठ घंटे की रहेगी ढील
    2. नूंह में इंटरनेट सेवाएं 11 अगस्त तक बंद
    3. हिंसा के दौरान छह लोगों की हो गई थी मौत
    4. विहिप के पदाधिकारी बैठक कर बनाएंगे कार्यक्रम की रूपरेखा

    गुरुग्राम [विनय त्रिवेदी]। हरियाणा के नूंह में 31 जुलाई को पथराव और हिंसा के बाद अधूरी रह गई ब्रजमंडल धाम जलाभिषेक यात्रा विश्व हिंदू परिषद पूरी करेगी। 28 अगस्त को जलाभिषेक यात्रा निकाली जा सकती है। आने वाले रविवार को विहिप के पदाधिकारी बैठक कर रूपरेखा बनाएंगे।

    हिंसा के दौरान छह लोगों की हो गई थी मौत

    नूंह के नल्हड़ शिव मंदिर से 31 जुलाई को निकाली गई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा पर विशेष समुदाय के पथराव के बाद हिंसा भड़क गई थी। इस कारण यात्रा स्थगित हो गई थी। हिंसा के दौरान दो होमगार्ड, बजरंग दल के दो कार्यकर्ताओं समेत छह लोगों की मौत हो गई थी। अब तक नूंह में माहौल पूरी तरह शांत नहीं हो पाया है। प्रशासन उपद्रवियों पर कार्रवाई कर रहा है।

    अब विहिप की तरफ से अधूरी यात्रा को पूरी करने की तैयारी शुरू हो गई है। विहिप के गुरुग्राम जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि 31 अगस्त तक सावन मास है। उससे पहले यह यात्रा निकाली जा सकती है। चूंकि 28 अगस्त को अंतिम सोमवार है, इसलिए संभव है कि यात्रा उसी दिन निकाली जाए।

    अजीत सिंह ने बताया कि आने वाले रविवार को विहिप के पदाधिकारी बैठक कर इसकी रूपरेखा तय करेंगे। इसके बाद औपचारिक घोषणा की जाएगी।

    मंदिरों को भव्य स्वरूप देना है उद्देश्य

    विहिप के जिला मंत्री यशवंत शेखावत ने बताया कि यात्रा हर साल निकाली जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य नूंह और आसपास के मंदिरों को भव्य स्वरूप देना है। इस बार कुछ शरारती तत्वों ने जलाभिषेक यात्रा को रोकने का प्रयास किया।

    खबरें और भी

    उन्होंने बताया कि सबसे पहले यात्रा नल्हड़ महादेव मंदिर में जलभिषेक करती है। उसके बाद झिरकेश्वर महादेव और गांव शृंगार में राधा-कृष्ण मंदिर व शृंगेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर जलभिषेक किया जाता है।

    नूंह: चार आरोपितों ने कुबूला, नासिर-जुनैद की हत्या का बदला लेने के लिए की हिंसा

    पुलिस की जांच में नूंह हिंसा का राजस्थान से कनेक्शन पुख्ता होता जा रहा है। रिमांड पर लिए गए चार आरोपितों ने कुबूला है कि राजस्थान के नासिर तथा जुनैद की हत्या का बदला लेने के लिए जलाभिषेक यात्रा पर हमले की साजिश रची गई।

    नूंह में कर्फ्यू में आठ घंटे की ढील

    बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन ने कर्फ्यू में आठ घंटे की रहेगी ढील देने का फैसला लिया है। अब सुबह सात बजे से दाेपहर तीन बजे तक कर्फ्यू में छूट रहेगी।

    जिलाधीश धीरेंद्र खड़गटा ने बुधवार को कहा कि हालात में सुधार होने पर यह फैसला लिया गया है। किसी भी नेता को बगैर प्रशासन की अनुमति के शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। बुधवार तक कर्फ्यू में सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक की ही छूट थी। इंटरनेट सेवा बृहस्पतिवार को भी बंद रहेगी।