विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 20, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gurugram News: नौकरी के नाम पर तीन लोगों से 26 लाख रुपये की ठगी, पुलिस ने शुरू की जांच

Published: Wed, 20 Mar 2024 10:08 PM (IST)

गुरुग्राम में तीन अलग-अलग लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर 26 लाख रुपये की ठगी की गई। पीड़ितों की ...और पढ़ें

नौकरी के नाम पर तीन लोगों से 26 लाख रुपये की ठगी
नौकरी के नाम पर तीन लोगों से 26 लाख रुपये की ठगी

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम के तीन लोगों से विदेश भेजने, नौकरी लगवाने व ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर करीब 26 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ितों की शिकायत पर अलग-अलग थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ज्योति पार्क निवासी मोक्षित वर्मा ने शिकायत में बताया कि उनकी मां पूनम गिरी राज ज्वैलर्स में काम करती हैं। वहां पर गुरदीप सिंह नाम का व्यक्ति आता था, जिसने अपनी पत्नी और बेटी के जरिये मां के साथ दोस्ती बढ़ाई। आरोपित ने एक दिन पूनम को बेटी के जन्मदिन पर बुलाया। यहां उसने पूनम के बेटे को विदेश भेजने और नौकरी लगवाने का झांसा देकर महिला से सात लाख 28 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपित ने महिला के बेटे को वीजा भी दिया था। जब पीड़ित ने वीजा चेक कराया तो वह फर्जी मिला।

दूसरी ओर सेक्टर 40 निवासी नीरज से सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर दस लाख रुपये ठग लिए गए। नीरज ने पुलिस को बताया कि जींद निवासी तीन लोगों ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लिए थे। आरोपितों ने नगर निगम गुरुग्राम में सरकारी नौकरी लगवाने के लिए कहा था। उन्हें फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर भी दिया गया, लेकिन जांच के बाद पता चला कि वह फर्जी है।

वहीं साइबर ठगों ने सेक्टर-62 निवासी बीएसएनएन से रिटायर्ड विनोद कुमार अग्रवाल से पार्ट टाइम आनलाइन जाब के नाम पर नौ लाख रुपये ठग लिए। बीते दिनों उनके वाट्सएप पर मैसेज भेजकर जॉब का झांसा दिया गया। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम पर जोड़ लिया गया। पहले उन्हें टास्क के नाम पर कुछ रुपये भेजे गए। बाद में इन्वेस्ट कर दोगुने रुपये का लालच देकर उनसे नौ लाख रुपये जमा करा लिए गए।

दौलताबाद निवासी मोबाइल विक्रेता रिंकू सैनी से साइबर ठगों ने आइफोन सस्ते दामों में दिलाने का झांसा देकर 40 लाख रुपये ठग लिए। साइबर थाना वेस्ट पुलिस को दी शिकायत में रिंकू सैनी ने बताया कि नवंबर 2023 में वाट्सएप पर सस्ते आइफोन संबंधी एक मैसेज आया था। इस पर संपर्क करने पर आरोपित ने अपनी पहचान दिल्ली के नजफगढ़ निवासी आकाश के रूप में दी और कहा कि वह सस्ते दामों में आइफोन दिला देगा। पीड़ित ने आकाश को आइफोन के लिए कई बार में 40 लाख 71 हजार रुपये दिए। इसके बाद आरोपित ने फोन बंद कर दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।