विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

New Year 2024: गुरुग्राम में नए साल के जश्न पर जमकर छलके जाम तो कहीं सजी सुरों की शाम, देखें तस्वीरें

Published: Mon, 01 Jan 2024 11:13 AM (GMT+05:30)

New Year 2024 स्टाइलिश परिधानों में नए साल की पूर्व संध्या पर जश्न मनाने पहुंचे लोगों का उत्साह देखते ही ...और पढ़ें

गुरुग्राम में नए साल के जश्न पर जमकर छलके जाम तो कहीं सजी सुरों की शाम
गुरुग्राम में नए साल के जश्न पर जमकर छलके जाम तो कहीं सजी सुरों की शाम

HighLights

  1. साइबर सिटी जश्न में डूबी
  2. 12 बजे लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाया और नए साल का स्वागत किया

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। नए साल के आगमन पर साइबर सिटी जश्न में डूबी रही। कहीं संगीत के सुर गूंजे तो कहीं फेम म्यूजिक की धुनों पर लोग डांस करते नजर आए। 31 दिसंबर की शाम को सड़कें किसी फैशन शो के रैंप सी नजर आईं।

नए साल के जश्न में मस्ती में डूबे नजर आए लोग

स्टाइलिश परिधानों में नए साल की पूर्व संध्या पर जश्न मनाने पहुंचे लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। अपने दोस्तों के साथ शाम होते ही नए साल के जश्न में लोग मस्ती में डूबे नजर आए।

काउंट डाउन शुरू होते ही सभी की नजरें घड़ी के कांटे पर रहीं। जैसे ही 12 बजे लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाया और नए साल का स्वागत किया। पब-बार में देर रात तक जाम छलके।

साइबर सिटी के रेस्टोरेंट, पब-बार से लेकर मॉल तक में दीपावली जैसी चमक दिखी। गहरे रंगों की इंद्रधनुषी रोशनी से साइबर सिटी की चमक दाेगुनी हो गई। रंग-बिरंगी लाइटों से सजे मॉल हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे।

वीकेंड ने नए साल का मजा दोगुना कर दिया। रविवार का दिन होने के कारण सुबह से ही सड़कों पर चहल-पहल बनी रही। शाम होते ही शहर की ऐसी कोई सड़क नहीं रही जहां पर नए साल का जश्न न मना हो।

सेक्टर-29 हो या फिर शहर के अन्य रेस्टोरेंट, सभी जगह लोग अपने परिवार सहित नया साल मनाने पहुंचे। कार्यक्रम में लाइव म्यूजिक सिस्टम की धुनों पर देर रात तक लोग झूमते रहे। जैसे ही रात के 12 बजे लोगों ने पूरे जोश और उत्साह, उमंग के साथ नए साल का स्वागत किया।

न केवल युवा बल्कि हर उम्र के लोग मौज मस्ती करते नजर आए। शहर के क्राउन प्लाजा में पंजाबी सिंगर गुरदास मान की प्रस्तुति रही।

अन्य होटलों में भी कई जाने माने आर्टिस्ट ने भी अपनी प्रस्तुति दी। शहर के एक कार्यक्रम में गायिका कनिका कपूर, पंजाबी गायक मनकीरत औलख, अखिल सचदेवा और हरियाणवी गायिका प्रांजल दहिया ने अपनी प्रस्तुति दी। सेक्टर-29 के बिग पिक्चर में डीजे टेरिक की प्रस्तुति खास रही। महिला गेस्ट के लिए निशुल्क कैब की सुविधा रही।

जमकर हुई आतिशबाजी

रात को नौ बजे शहर के सभी रेस्टोरेंट से लेकर पब-बार में नए साल की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम शुरू हो गए। लाइव म्यूजिक पर डांस, माैज-मस्ती, स्पेशल मेन्यू का लोगों ने खूब आनंद लिया। रात 12 बजे से आतिशबाजी शुरू हो गई। शहर की हर सड़क पर जमकर आतिशबाजी हुई। लोगों ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर शेयर किया।

मंदिरों में भी होंगे कार्यक्रम

नए साल पर शहर के मंदिरों में भी कार्यक्रम होंगे। कई मंदिरों में हवन होंगे। शहर के श्री शीतला माता मंदिर में दूर-दराज से श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। शहर के इस्कान मंदिर में नए साल की पूर्व संध्या पर कीर्तन हुआ। वहीं नए साल वाले दिन सुबह नौ से रात को नौ बजे तक कीर्तन मेला लगेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।