गुरुग्राम में छह साल में गिरा फ्लैट की छत का प्लास्टर, टला बड़ा हादसा; दहशत में सोसायटी के लोग
सोहना की ब्रीज ग्लोबल हाइट्स सोसायटी में एक फ्लैट की छत का प्लास्टर गिरने से निवासियों में चिंता बढ़ गई है। छह साल पुराने भवन की निर्माण गुणवत्ता पर स ...और पढ़ें
HighLights
सोहना सोसायटी में फ्लैट की छत का प्लास्टर गिरा।
छह साल पुराने भवन की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल।
सभी 21 टावरों के स्ट्रक्चरल ऑडिट की मांग।
महावीर यादव, बादशाहपुर (गुरुग्राम)। सोहना के सेक्टर-33 स्थित ब्रीज ग्लोबल हाइट्स सोसायटी में एक फ्लैट की छत का प्लास्टर गिरने की घटना ने निवासियों की चिंता बढ़ा दी है।
टावर-10 के फ्लैट नंबर 803 में सोमवार को छत का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई व्यक्ति प्लास्टर के नीचे मौजूद नहीं था। जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद सोसायटी के लोगों ने निर्माण गुणवत्ता और भवन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
6 साल बाद ही सामने आई निर्माण गुणवत्ता पर चिंता
निवासी राकेश रंजन साहा का कहना है कि फ्लैट का कब्जा मिले अभी लगभग छह वर्ष ही हुए हैं। इतने कम समय में छत का प्लास्टर गिरना सामान्य रखरखाव का मामला नहीं, बल्कि निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
सभी 21 टावरों की जांच की मांग
घटना के बाद रेजिडेंट्स ने पूरी सोसायटी के सभी 21 आवासीय टावरों का स्वतंत्र स्ट्रक्चरल सेफ्टी आडिट कराने की मांग की है। उनका कहना है कि परिसर में 1,600 से अधिक परिवार रहते हैं और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है।
प्रशासन और बिल्डर से की ये मांगें
निवासियों ने जिला प्रशासन, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग (डीटीसीपी), नगर निगम, हरेरा और बिल्डर से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनकी मांगों में सरकारी मान्यता प्राप्त स्वतंत्र विशेषज्ञ से सुरक्षा जांच कराना, असुरक्षित छतों, बीम, बालकनी और अन्य संरचनात्मक हिस्सों की मरम्मत, निर्माण दोष तय कर जिम्मेदारी तय करना तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करना शामिल है।
खबरें और भी
पहले भी उठते रहे हैं कई मुद्दे
निवासियों का कहना है कि सोसायटी में पहले भी पानी की आपूर्ति, सीवरेज, रखरखाव और निर्माण गुणवत्ता से जुड़े कई मुद्दे सामने आते रहे हैं। उनका आरोप है कि इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और निवासियों ने सभी फ्लैट मालिकों से अपील की है कि वे अपने घरों की छत और दीवारों की जांच करें। यदि कहीं दरार, उभरा हुआ प्लास्टर, सीलन, नमी या खोखली आवाज सुनाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को दें।