Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    24 घंटे में गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया की वापसी, बारिश के बीच संभाला मोर्चा

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 02:17 AM (IST)

    गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया का तबादला होने के 24 घंटे के भीतर ही उन्हें वापस निगमायुक्त का कार्यभार सौंप दिया गया। उन्होंने वापसी के तुरंत ...और पढ़ें

    प्रदीप दहिया 24 घंटे में गुरुग्राम निगमायुक्त पद पर वापस।

    प्रदीप दहिया 24 घंटे में गुरुग्राम निगमायुक्त पद पर वापस।

    HighLights

    1. प्रदीप दहिया 24 घंटे में गुरुग्राम निगमायुक्त पद पर वापस।

    2. वर्षा के दौरान डीसी के साथ जल निकासी का निरीक्षण किया।

    3. बहरामपुर रोड पर ड्रेनेज सुधार के सकारात्मक परिणाम दिखे।

    जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम आयुक्त प्रदीप दहिया की तबादले के 24 घंटे में ही वापसी हो गई है। बृहस्पतिवार को उनका ट्रांसफर कर डीसी राेहतक लगाया गया था, वहीं शुक्रवार दोपहर में सरकार द्वारा जारी सूची में उनको वापस निगमायुक्त का कार्यभार सौंप दिया गया। लगातार दूसरे दिन जारी वर्षा के दौरान प्रदीप दहिया डीसी उत्तम सिंह के साथ फील्ड में उतरे और जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया।

    बहरामपुर रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जलनिकासी व्यवस्था एवं मानसून प्रबंधन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं इंजीनियरों को निर्देश दिए कि जलभराव संभावित सभी स्थानों पर निरंतर निगरानी बनाए रखें, ताकि यातायात सुचारू रहे और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

    निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था, पंपिंग सिस्टम एवं ड्रेनेज नेटवर्क की स्थिति का अवलोकन किया। निगमायुक्त ने कहा कि मानसून के दौरान फील्ड में अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति और त्वरित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। सभी इंजीनियरों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग करें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मशीनरी एवं मैनपावर तैनात कर जल निकासी सुनिश्चित करें।

    बहरामपुर रोड पर दिखा ड्रेनेज सुधार का सकारात्मक परिणाम

    दौरे के दौरान बहरामपुर रोड पर स्थानीय नागरिकों ने निगमायुक्त एवं उपायुक्त से बातचीत करते हुए नगर निगम द्वारा किए गए ड्रेनेज सुधार कार्यों की सराहना की। नागरिकों ने बताया कि पूर्व में इस सड़क पर हर बारिश के दौरान भारी जलभराव हो जाता था, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता था। लेकिन इस बार लगातार और भारी वर्षा के बावजूद सड़क पर पानी जमा नहीं हुआ और यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि ड्रेनेज व्यवस्था में किए गए सुधारात्मक कार्यों का सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

    खबरें और भी

    निरंतर निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

    निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून समाप्त होने तक सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना है। किसी भी स्थान पर जलभराव की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पंप, सक्शन मशीन और अन्य आवश्यक संसाधन पूरी तरह तैयार रखें।

    उपायुक्त उत्तम सिंह ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए मानसून प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। इस अवसर पर अतिरिक्त निगमायुक्त रविंद्र यादव, चीफ इंजीनियर विजय ढाका सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं इंजीनियर भी उपस्थित रहे।